Banda: कारागार का औचक निरीक्षण कर डीएम-एसपी ने परखे सुरक्षा इंतजाम, माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर चर्चा में रहता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में डीएम-एसपी ने कारागार का किया औचक निरीक्षण।

बांदा में कारागार का औचक निरीक्षण कर डीएम-एसपी ने सुरक्षा इंतजाम परखे। माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर चर्चा में मंडल कारागार रहता।

बांदा, अमृत विचार। पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के बंद होने के चलते मंडल कारागार खासा सुर्खियों में रहता है। ऐसे में समय समय पर जिले के अफसर भी सतर्कता और सुरक्षा को लेकर निरीक्षण करके इंतजामों को परखते रहते हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन पूरे लाव लश्कर के साथ अचानक मंडल कारागार पहुंच गए और वहां बारीकी से सघन निरीक्षण किया। डीएम, एसपी ने सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त रखने के साथ कैदियों के स्वास्थ्य और परिसर की स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

जेल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसपी ने जेल परिसर की बारीकी से जांच पड़ताल की। उन्होंने माफिया मुख्तार सहित अन्य कैदियों की बैरकों की सघन तलाशी ली। हालांकि डीएम-एसपी को वहां से कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। दोनों अफसरों के अचानक पहुंचने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम-एसपी ने करीब एक घंटे जेल का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान बैरकों की तलाशी कराई, जेल के कोने-कोने की सघन तलाशी ली गयी। जेल में बैरकों के पंखे बन्द होने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर डीएम, एसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जेल प्रशासन को तत्काल बैरकों के पंखे सही कराने और कैदियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ ही साफ सफाई का निर्देश दिए। वैसे माफिया मुख्तार अंसारी के बंद होने के कारण मंडल कारागार की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहती है। करीब 150 जेल कर्मी लगातार निगरानी करते हैं, जिसमें कई बॉडी कैम से लैस होते हैं।

जेल प्रशासन के बड़े अधिकारी खुद सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से जेल पर पैनी नजर रखते हैं। वहीं मेन गेट में पीएसी का पहरा और सिविल पुलिस के जवान मुस्तैद रहते हैं, जो जेल में आने जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखते हैं। जेल के अंदर बाकायदा रजिस्टर में नाम, आधार कार्ड व मोबाइल नम्बर नोट कराने के बाद ही इंट्री होती है। जेल अधीक्षक वीरेश शर्मा ने बताया कि डीएम-एसपी के निरीक्षण में कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। उन्होंने बंदियों की तारीखों और प्रार्थना पत्र के निस्तारण का आदेश दिया है, जिसका पूर्ण पालन किया जाएगा।

संबंधित समाचार