बदायूं: डंपर ने गंगा एक्सप्रेस वे पर काम कर रहे श्रमिक को कुचला, मौत
शुक्रवार को गांव बनकोटा के पास गंगा एक्सप्रेस निर्माण के दौरान हुआ हादसा
वजीरगंज, अमृत विचार। थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस वे पर निर्माण संबंधी काम के दौरान डंपर ने श्रमिक को कुचल दिया। श्रमिक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डंपर को थाने पर खड़ा करा दिया है। डंपर के चालक की तलाश की जा रही है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वजीरगंज क्षेत्र के गांव बनकोटा के पास गंगा एक्सप्रेस वे का काम चल रहा है। जहां गांव कंजुआ निवासी वीरेश (40) पुत्र गणेशी लाल मजदूरी कर रहे थे। गंगा एक्सप्रेस वे पर मिट्टी लाने ले जाने का भी काम चल रहा था। डंपर से मिट्टी डाली जा रही थी। वहीं वीरेश अपने साथियों के साथ फीता से नाप कर रहा था। इसी दौरान मिट्टी लेकर तेज रफ्तार से आए डंपर ने वीरेश को कुचल दिया।
वीरेश की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद डंपर का चालक मौके से फरार हो गया। साथी मजदूरों ने वीरेश के परिजनों को सूचित किया। परिजन मौके पर पहुंचे। अन्य डंपर चालकों ने मामले को दबाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: सड़क हादसे में बाइक सवार चचेरे-तहेरे दो भाइयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
