बरेली: अंडा खरीदें तो एक्सपायरी जरूर कर लें चेक, शासन ने बिक्री को लेकर कई निर्देश किए जारी
बरेली, अमृत विचार। गर्मी की तपिश के बीच अंडे खाने के शौकीन और इसकी बिक्री करने वालों को सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि शासन ने अंडे की गुणवत्ता को बरकरार रखने और एक्सपायरी संबंधी समय निर्धारित कर दुकानदारों की जिम्मेदारी तय की है। आदेश में कहा गया है कि विक्रेता अंडे की गुणवत्ता बनाए रखने को अंडे की ट्रे पर स्टीकर, उत्पादन तिथि, पिन कोड अनिवार्य रूप से अंकित करें और उत्पादन तिथि के तीन दिन के अंदर अंडों की बिक्री कर दें। पिन कोड की अनिवार्यता से पता रहेगा कि अंडा किस शहर या कस्बे से खरीदा गया है।
सीवीओ डॉ. मेघश्याम ने बताया कि गर्मी के सीजन में अंडे तीन से चार दिन में खराब होने लगते हैं। कई बार ऐसी स्थिति देखने को मिली है कि दुकानदारों ने लोगों को रखे हुए अंडे दे दिए, जिसे खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। खराब अंडे से होने वाले नुकसान को देखते हुए शासन ने इसकी बिक्री सहित अन्य पहलुओं को लेकर निर्देश जारी किए हैं। पोल्ट्री फार्म से आने वाले अंडे को कोल्ड स्टोर में भी रखा जाता है।
पंजाब और दिल्ली से आता है अंडा
जिले में आमतौर पर बड़े व्यापारी पंजाब और दिल्ली से अंडा मंगवाते हैं। अब काशीपुर मंडी से कई व्यापारी अंडा मंगाने लगे हैं। शहामतगंज स्थित अंडे के थोक कारोबारी सुभाष ने बताया कि गर्मी में सर्दी के मुकाबले अंडे की मांग पचास फीसदी तक कम हो जाती है। शहर में अंडे के लगभग एक दर्जन थोक व्यापारी हैं। इसके अलावा शहर में करीब 350 अंडे के ठेले लगते हैं।
फूड प्वाइजनिंग का खतरा ज्यादा
वरिष्ठ फिजिशियन डा. वागीश वैश्य बताते हैं कि गर्मी के मौसम में चार से पांच दिन बाद अंडे खराब होने लगते हैं। खराब अंडे के सेवन से आंतों में सूजन, उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और फूड प्वाइजनिंग की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए लोगों को ताजा अंडे का सेवन करना चाहिए।
50 फीसदी रह गई अंडे की खपत
एडी पशुपालन ललित कुमार वर्मा ने बताया कि सर्दी के सीजन में अंडे की खपत बढ़ जाती है। प्रतिदिन करीब 10 लाख अंडे शहर की बाजारों में खप जाते हैं, लेकिन गर्मी में लोग अंडे से कई कारणों से दूरी बना लेते हैं। इसलिए खपत पचास फीसदी के करीब रह जाती है। वर्तमान में करीब पांच लाख अंडा बरेली पहुंच रहा है। सबसे अधिक अंडा पंजाब से बरेली में सप्लाई हो रहा है।
ये भी पढे़ं- अधिकारियों के आश्वासन पर बरेली कॉलेज के कर्मचारियों ने खोला ताला, हड़ताल को किया स्थगित
