अयोध्या : अध्यापक के उत्पीड़न मामले ने पकड़ा तूल, शिक्षक संघ ने दी असहयोग आन्दोलन की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। बीते दिनों मिल्कीपुर के एक शिक्षक के कथित उत्पीड़न मामले को लेकर अब उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ भी तेवर में आ गया है। संघ का आरोप है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी का कार्यालय शिक्षक उत्पीड़न का केंद्र बन गया है।
 
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की संयुक्त कार्यसमिति की बैठक प्रेस क्लब में हुई। अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी व संचालन जिला मंत्री डा चक्रवर्ती सिंह ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से उस घटना की निंदा की गई एवं शिक्षकों को अपमानित किए जाने पर रोक लगाए जाने की मांग भी की गई।निर्णय लिया गया कि प्राथमिक शिक्षक संघ उत्पीड़न के खिलाफ विकास खंड मिल्कीपुर के शिक्षकों के साथ खड़ा है। यदि उत्पीड़न बंद न हुआ तो 10 जून से असहयोग आंदोलन करेंगे। 

जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीएसए कार्यालय को शिक्षक प्रताड़ना केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी 10 जून से पहले यदि प्रकरण का पटाक्षेप नहीं हुआ तो 10 जून से शिक्षक असहयोग आंदोलन शुरू करेंगे जिसके पहले चरण में व्यक्तिगत मोबाइल से सूचनाओं के आदान-प्रदान का बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय प्रताप सिंह पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। जिला मंत्री डॉ चक्रवर्ती सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों से शपथ पत्र लिया जाना एवं सेल्फी जैसे फरमान जारी करना तुगलकशाही का प्रतीक है। वेतन बहाली जैसे प्रकरण भी महीनों से लंबित हैं। 

जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र भारती ने एकजुट हो मुखर विरोध करने की अपील की। बैठक में संघ के अजय सिंह, पंकज द्विवेदी, धीरज शुक्ला, संतोष द्विवेदी, संचराज वर्मा ने अपनी बात रखी। बैठक में पंकज पांडेय, सत्येंद्र गुप्ता, संजय सिंह, अनिल सिंह, अरविंद पाठक,जय हिंद सिंह समेत अन्य पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।


ये भी पढ़ें -खनन मंत्रालय में असिस्टेंट पद पर हुआ हरदोई के वैभव का चयन, लोगों में खुशी की लहर 

संबंधित समाचार