रायबरेली: बाइक सवार दंपती को वाहन ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत, पति गंभीर
सलोन, रायबरेली, अमृत विचार। रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहे बाइक सवार दंपती को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमे पत्नी की मौके पर मौत हो गई है, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल सीएचसी सलोन में डाटा ऑपरेटर कर्मी है।
कोतवाली क्षेत्र के राजापुर माफी निवासी उदयभान उर्फ रिंकू पुत्र रमाकांत सीएचसी सलोन में डाटा कर्मी के पद पर तैनात है। शनिवार की देर रात लगभग साढ़े आठ बजे उदयभान और उसकी पत्नी धनलक्ष्मी (35 वर्ष ) अपने स्टाफ कर्मियों के साथ हाइवे पर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए हुए थे। जहां से वह रात लगभग साढ़े नौ बजे घर राजापुर माफी लौट रहे थे।
इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग रम्मा का पुरवा मोड़ के पास बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।जिससे महिला का सिर किसी पत्थर से टकरा गया। जबकि युवक टक्कर लगने के बाद बाइक समेत फिसलकर सड़क किनारे गिर गया। रात होने के कारण दंपति सड़क किनारे खाई ने रक्त रंजित अवस्था मे पड़े रहे। इसी बीच होश में आने पर युवक ने दुर्घटना की जानकारी मोबाइल पर परिजनों को दी।
घटना स्थल पर जबतक परिजन पहुंचते, महिला की मौत हो चुकी थी। जबकि युवक को सीएचसी सलोन से जिला अस्पताल रिफर किया गया है।महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में मातम छाया है।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के तीन बच्चे है। बड़ी बेटी पंखुड़ी (7) बेटा वेद (5) और अर्थव (3) है।
कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि मृतका के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। एडिशनल सीएमओ पीके बैसवार ने बताया की घायल युवक सीएचसी में डाटा ऑपरेटर कर्मी था।बीती रात हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है।अस्पताल में दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: दहेज में नहीं मिली बाइक और फ्रिज तो विवाहिता की पीटकर मार डाला, परिजनों ने लगाया आरोप
