रायबरेली: अनाधिकृत व्यक्ति ने कक्ष में घुसकर की मतगणना, साक्ष्य के बावजूद प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। नगर पालिका में सभासद प्रत्याशी रही पूनम तिवारी निकाय चुनाव मतगणना के दिन से लगातार मतगणना कार्य की पारदर्शिता और शुचिता को लेकर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर रही हैं। उनका आरोप है कि मतगणना कक्ष में घुसकर अनाधिकृत व्यक्ति ने गलत तरीके से मतगणना की है। जिसके साक्ष्य भी मौजूद है।

इसके बावजूद जिला प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। उनके द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब भी जिला प्रशासन नहीं दे पा रहा है। अब उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग समेत सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों को भी पत्र लिखकर कार्यवाही की मांग की है। पूनम तिवारी नगर पालिका के वार्ड संख्या 27 से सभासद की प्रत्याशी थी।

जिसकी मतगणना आईटीआई के कक्ष संख्या 4 की टेबुल संख्या 32 पर हुई थी। उनका आरोप है कि मतगणना के दौरान दो चक्र पूरा होने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति अनाधिकृत तरीके से  मतगणना कक्ष में पहुंचा और मतगणना कार्य कर रहे कर्मचारी को हटाकर खुद मतगणना का कार्य करने लगा। उसने गलत तरीके से गणना करते हुए उन्हें चुनाव हरा दिया। जबकि वह दो चक्र तक चुनाव जीत रही थी। 

उनका आरोप है कि इस व्यक्ति की सारी करतूत सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। जिसकी फुटेज जिला प्रशासन के पास है। इस व्यक्ति के कृत्य की शिकायत उन्होंने मतगणना के दौरान ही उच्चाधिकारियों से की थी और उच्चाधिकारियों ने उन्हें जांच करके कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अभी तक उस संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित तक नहीं किया गया है। इस मामले में उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन को तीन बार पत्र लिखा है।

जिला प्रशासन उनके द्वारा उठाए जा रहे सवाल का जवाब नहीं दे पा रहा है। उन्होंने इस मामले में भारत निर्वाचन आयोग समेत सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को भी पत्र भेजा है, और मामले में जांच करके संदिग्ध व्यक्त को चिन्हित करते हुए सभी दोषी अधिकारियों और अमुक व्यक्ति के विरुद्ध अपराधिक कार्यवाही करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं करता तो वह न्यायालय की शरण लेंगी।

यह भी पढ़ें:-भदोही: किशोरी का अपहरण कर बाल विवाह के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

संबंधित समाचार