मेरठ: चुनावी रंजिश में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गोली लगीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ, अमृत विचार। मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव पांची में चुनावी रंजिश में बाइक सवार युवकों ने गांव निवासी एक युवक पर रविवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक को तीन गोली लगी। फायरिंग की आवाज से ग्रामीणों में दहशत का माहौल उत्पन हो गया। वहीं, युवक घायल हालत में सड़क पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। 

पांची गांव निवासी वैभव त्यागी उर्फ मनु त्यागी पुत्र स्वर्गीय नीरज त्यागी का सहकारी समिति चुनाव को लेकर गांव के ही एक परिवार से रंजिश चली आ रही थी। एक माह पहले भी मारपीट हुई थी। जिसे, ग्रामीणों ने आपस में ​बैठकर सुलझा दिया था। रविवार सुबह वैभव अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर किराना की दुकान से सामान लेने पहुंचा था। सामान लेने के दौरान वहां पहुंचे बाइक सवार युवकों ने वैभव पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। युवक को तीन गोली लगी। वहीं, घटना के बाद दुकानदार ने शोर मचा दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। युवक हत्या करने का ऐलान करते हुए भाग निकले। युवकों के चले जाने के बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वैभव के परिजन व पुलिस को दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने वैभव को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा, एक पिस्टल व खोखे बरामद किए। घायल के चाचा धीरज त्यागी ने गांव के सुमित पुत्र जीत सिंह, बोबी पुत्र मंगू व रोनिक पुत्र पवन व ग्राम प्रधान के पुत्र कर्ण पुत्र ज्ञानेंद्र को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात कमलेश बहादुर व सीओ किठौर रुपाली राय भी मौके पर पहुंची और जानकारी ली। एसपी देहात कमलेश बहादुर का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा।

ये भी पढे़ं- मेरठ: पुलिस ने महिला के फोन पर चिता से निकाला उसके पति का शव, जानें पूरा मामला

 

 

संबंधित समाचार