बरेली: कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण के लिए दिन-रात दो शिफ्टों में होगा काम
जनप्रतिनिधियों ने अफसरों के साथ निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के दिए थे निर्देश
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। शनिवार को जनप्रतिनिधियों और अफसरों के निरीक्षण के बाद निर्माणाधीन कुतुबखाना फ्लाईओवर का काम 30 अक्टूबर से पहले पूरा किया जाएगा। रविवार को सेतु निगम के अफसरों ने दावा किया कि काम पूरा नहीं होने तक दो शिफ्टों में दिन रात काम चलेगा। व्यापारियों को निर्धारित समय के बाद किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा।
कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण पिछले काफी दिनों से सुस्त गति से चल रहा था। इसकी वजह से कोतवाली रोड से लेकर घंटाघर और कोहाड़ापीर तक के लोग परेशान थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के साथ मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को सेतु निगम, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया था और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसका असर यह हुआ कि रविवार को सेतु निगम के डीपीए वीके सेन ने ठेकेदार को कार्य पूरा होने तक दो शिफ्टों में काम करने के साथ ही हर सप्ताह निर्माण कार्य प्रगति की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
अभी 225 मजदूर, जरूरत पड़ने पर संख्या बढ़ाएं
कुतुबखाना फ्लाईओवर निर्माण में अभी करीब 225 मजदूर लगे हैं। काम पूरा करने की डेटलाइन तय कर दी गई है। सेतु निगम के डीपीएम ने निर्धारित समय में हर हाल में काम पूरा करने के लिए ठेकेदार को जरूरत पड़ने पर मजूदरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: CHC-PHC के रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जिला अस्पताल में दो दिन देंगे सेवाएं, निर्देश जारी
