दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को लू की स्थिति बनी रहने और अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह गर्मी के साथ ही धूप निकली और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने तेज हवाएं चलने के साथ ही दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। आईएमडी के अनुसार, रविवार को शहर के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नरेला तथा पीतमपुरा वेधशालाओं में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस, आयानगर तथा रिज वेधशालाओं में 44 डिग्री सेल्सियस और पालम में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सफदरजंग स्थित वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : ओडिशा : नवीन पटनायक ने मंत्रिमंडल में शामिल किए तीन और मंत्री
