अयोध्या: जहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण, वही अमृत सरोवर नहीं हुआ पूरा

अयोध्या: जहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण, वही अमृत सरोवर नहीं हुआ पूरा

अयोध्या,अमृत विचार। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर निर्माण के साथ पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होना था। पिकनिक स्पॉट तो दूर अभी सरोवर का ही निर्माण पूरा नहीं हो सका है। हाल यह है कि जहां बीते दिनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने निरीक्षण किया था वही अभी तक अधूरा पड़ा है।
     
विकासखंड पूरा बाजार में 10 अमृत सरोवर का निर्माण शुरू हुआ था, जिसमें जिला पंचायत से तीन, क्षेत्र पंचायत से एक और ग्राम पंचायत से छह अमृत सरोवर शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक सराय राशि को छोड़कर कोई भी अमृत सरोवर पूर्ण नहीं हो सका। कर्मा कोडरी के प्रधान योगेंद्र सिंह बताते हैं कि ग्राम पंचायत निधि से अमृत सरोवर पर पक्का कार्य भी कराना है।

ग्राम निधि में आने वाले पैसे से ग्राम पंचायत की खुली बैठक में हुए प्रस्ताव से नाली खड़ंजा सहित छोटे-छोटे कार्यों का निर्माण कराना रहता है। इतने कार्यों में ही धनराशि समाप्त हो जाती है, इसलिए अमृत सरोवर पर पक्के निर्माण कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है।

ब्लॉक के सरेठी गांव में बीते दिनों प्रशासनिक अमले के साथ निर्मित हो रहे अमृत सरोवर का प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्थलीय निरीक्षण भी किया था, लेकिन फिर भी अभी तक अमृत सरोवर का निर्माण पूरा नहीं हुआ। 

सरेठी के प्रधान रक्षा राम यादव बताते हैं कि बरसात के चलते जलभराव हो गया था। अब जलभराव कम हुआ जल्द ही कार्य शुरू हो जायेगा गया। इस बाबत खंड विकास अधिकारी पूरा बाजार मनीष मौर्या ने बताया कि सभी अमृत सरोवर का मिट्टी का कार्य पूर्ण हो चुका है। पक्का कार्य भी शुरू हो गया है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: नाबालिग युवती से किया दुष्कर्म, फिर जबरन कराया गर्भपात