Kanpur Dehat News : सात माह की गर्भवती ने लगाई फांसी, मायके पक्ष ने सास-ससुर को पीटा, दहेज हत्या का आरोप
कानपुर देहात में सात माह की गर्भवती ने फांसी लगाई।
कानपुर देहात में सात माह की गर्भवती ने फांसी लगा ली। मायके पक्ष ने सास-ससुर की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर मृतका के सास-ससुर की पिटाई कर दी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। नौकरी पर जा रहे पति के साथ न ले जाने पर कसोलर गांव में सात माह की गर्भवती महिला ने घर के बरामदे फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर मृतका के सास-ससुर की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा और छानबीन शुरू की। वहीं फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के कसोलर गांव निवासी सत्यनारायण का बेटा विशाल राजस्थान के जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। रविवार को वह नौकरी करने के लिए जा रहा था। तभी उसकी सात माह की गर्भवती पत्नी पिंकी देवी (23) भी साथ चलने की जिद करने लगी। लेकिन उसने ले जाने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज़ होकर पिंकी ने रात में घर के बरामदे में लोहे के कुंडे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी।
सूचना पर सोमवार सुबह मायके पक्ष के लोग कसोलर गांव पहुंचे और दहेज के लिए हत्या किए गए जाने का आरोप लगाकर मृतका की सास मुन्नी देवी व ससुर सत्यनारायण के साथ मारपीट कर दी। जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना पर सीओ डेरापुर रविकांत गौड़, मंगलपुर थाना प्रभारी एसएन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी हवासपुर भेजा।
वहीं फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कराए। मृतका के पिता नौबस्ता कानपुर निवासी रामकुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी अपनी बेटी पिंकी की शादी पिछले साल दो मई को की थी। जिसमे खूब दान-दहेज भी दिया था, लेकिन ससुराली 50 हजार रुपयों की और मांग कर रहे थे। न देने पर पुत्री को प्रताड़ित करने लगे और रविवार की रात हत्या कर दी। सीओ रविकांत गौड़ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है। पीएम रिपोर्ट आने व छानबीन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
