केरल में विपक्षी दल यूडीएफ ने गोदाम में आग लगने की घटनाओं पर सवाल उठाए 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिरुवनंतपुरम। केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा कि यह ‘रहस्यमय’ है कि राज्य में सरकारी केरल मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (केएमएससीएल) के आसपास स्थित दो गोदामों में आग लगी। 

मंगलवार को यहां थुम्बा में केएमएससीएल के एक गोदाम और गत सप्ताह कोल्लम में उसके गोदाम में लगी आग की घटनाओं का जिक्र करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान दवाओं तथा चिकित्सा उपकरण की खरीद में कथित भ्रष्टाचार की लोकायुक्त द्वारा की जा रही जांच के बीच में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। 

सतीशन ने कहा कि केरल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के कार्यकाल में आग लगने की घटनाएं आम हो गई हैं और वो भी तब, जब कोई जांच की जा रही होती है या यूडीएफ द्वारा भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) एक मामले की जांच कर रहे थे, तो केरल सचिवालय के प्रोटोकॉल कार्यालय में आग लग गई थी और काफी सामान जलकर खाक हो गया था। 

सतीशन ने आरोप लगाया, ‘‘कोविड-19 के दौरान केएमएससीएल द्वारा खरीद में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। हमने सबूत के साथ यह मामला उठाया। हम लोकायुक्त के पास शिकायत लेकर गए और वह इसकी जांच कर रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, केएमएससीएल के आसपास स्थित दो गोदामों में आग लग जाती है। यह रहस्यमयी है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि आग में कोविड-19 के दौरान खरीदी गई दवाएं और चिकित्सा उपकरण जलकर खाक हो गए हैं।’’ 

ये भी पढ़ें- PM Modi in Australia : सिडनी में भारतीयों से बोले PM मोदी- तो लीजिए, मैं फिर आपके साथ हूं...2014 में जो वादा किया था वो निभा दिया

संबंधित समाचार