Etawah News : दवा व्यवसाई के पुत्र की नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इटावा में दवा व्यवसाई के पुत्र की नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध मौत।
इटावा में दवा व्यवसाई के पुत्र की नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
इटावा, अमृत विचार। नगर के मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व सभासद सुनील यादव के छोटे पुत्र अमित यादव उर्फ मोनू की मथुरा के एक नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र वालो पर हत्या करने का आरोप लगाकर स्थानीय पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई।
अमित उर्फ मोनू यादव 31 वर्ष पिछले कुछ दिनों से नशे का एडिक्ट हो गया था। बुरी आदत को छुड़ाने के लिए परिजनों ने 13 मई को मथुरा के मोतीनगर आनंद वन स्थित प्रांजल फाउंडेशन नामक नशा मुक्ति केंद्र भेजा था। परिवारीजनों के अनुसार पिछले दो दिनों से केंद्र वाले मोबाइल फोन से सही से बात नहीं करा रहे थे। पूछने पर बताया कि बहुत परिवर्तन हो गया है।
22 मई को नशा मुक्ति केंद्र से मोबाईल से सूचना मिली कि मोनू की तबीयत अधिक खराब है।आप लोग आकर ले जाएं। सूचना मिलते ही मोनू की मां मालती देवी अन्य लोगो के साथ मथुरा जाने को निकले जब तक वहां पहुंचे नशा मुक्ति केंद्र वाले केंद्र से निकालकर मोनू को किसी एक वाहन से लाते मथुरा रिफाइनरी के पास मिले। आनन-फानन में केंद्र के चार पांच लोग जबरदस्ती मोनू के शव को मालती देवी को सौंपकर बिना कुछ बताए फरार हो गए।
सोमवार देर शाम जसवंतनगर आकर देखा कि मोनू के शरीर पर चोट के निशान व एक आंख भी चोटिल मिली। मोनू के मृत्यु की खबर सुनकर सभी स्तब्ध रह गए। उनके घर की ओर दौड़ पड़े। इधर मोनू के शव का पोस्टमार्टम करवाने को जसवंतनगर पुलिस से कहा गया तो सीओ अतुल प्रधान व थाना प्रभारी मुकेश कुमार सौलंकी ने बताया है कि घटना जिस स्थान की है, वहीं स्थानीय पुलिस पोस्टमार्टम व कानूनी कार्यवाही दर्ज होगी। जिस पर मृतक के परिजनों ने कोई कानूनी कार्यवाही न करते हुए मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया है।
