आबकारी नीति से जुड़ा धन शोधन मामला : दिल्ली में कई स्थानों पर ईडी की छापेमारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली की आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं सांसद संजय सिंह के कुछ सहयोगियों के परिसरों सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। 

‘आप’ नेता ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि उनके दो सहयोगियों के परिसरों पर संघीय एजेंसी छापेमारी कर रही है। सूत्रों ने बताया कि चार-पांच स्थानों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की जा रही है। मामला अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण एवं कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है। 

दिल्ली के उपराज्यपाल ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की सिफारिश की थी। इसके बाद ईडी ने भी पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था। ईडी और सीबीआई का आरोप है कि दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के तहत शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए गुटबंदी की गई और कुछ कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर रिश्वत दी थी। हालांकि, ‘आप’ ने इन आरोपों का खंडन किया है। 

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा, किश्तवाड़ के पास खाई में गिरी गाड़ी, छह लोगों की मौत की आशंका 

संबंधित समाचार