Unnao: पुलिस की रात्रि गश्त की खुली पोल, लगातार चोरियां होने से लोगों में आक्रोश, दो घरों में चोरों ने मचाया आतंक
उन्नाव में दो घरों में फिर हुई चोरी।
उन्नाव के माखी व गंगाघाट थानाक्षेत्र में घर में घुसे चोरों ने नगदी, जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। लगातार चोरियां होने से लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है।
उन्नाव, अमृत विचार। जिले में इन दिनों चोर रतजगा कर लोगों की गाढ़ी पूंजी पर हाथ साफ कर रहे हैं और पुलिस है कि उसकी नींद ही नहीं टूट रही है। इसी क्रम में मंगलवार रात चोरों ने माखी व गंगाघाट क्षेत्र में घरों से लाखों का सामान पार कर दिया। माखी थानाक्षेत्र के पुरवा गांव में चोरों ने सेंध काटकर लाखों का सामान पार कर दिया। वहीं, गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी में गर्मी के चलते जब परिवार छत पर सो रहा था तभी चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर नगदी व जेवर पार कर दिये। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
घटना एक:
माखी थानाक्षेत्र के पुरवा निवासी बलवीर सिंह चंदेल पुत्र ब्रजमोहन खेती करता है। बीती बुधवार रात गर्मी के चलते वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। चोर खाली घर देख पीछे की दीवार में नकब काटकर भीतर घुस गए। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर बक्से उठाकर करीब 500 मीटर दूर खेत में फेंक गए हैं। वहीं उनमें रखे 20 हजार रुपये नगद व डेढ़ लाख के जेवरात पार कर दिये। सुबह सामान बिखरा देख घटना का पता चला। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसओ रामआसरे चौधरी ने बताया कि जांच चल रही है।
घटना दो:
गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत सहजनी निवासी सुनीत मिश्रा पत्नी हरिनंदन ने कोतवाली में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। उसी दरमियान घर में घुसकर चोरों ने अलमारी में रखा सामान, गहने, मोबाइल, लैपटाप, महंगे कपड़े व 25 हजार नगद पार कर दिए। जब वे लोग नीचे उतर कर आए तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पीआरवी को इसकी सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है
