लखनऊ : PM मोदी करेंगे खेलो इंडिया यूनीवर्सिटी गेम्स का उद्घाटन, CM योगी रहेंगे मौजूद
लखनऊ, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरूवार को उत्तर प्रदेश की मेजबानी में शुरू हो रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 (केआईयूजी) का वर्चुअली उदघाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। बीबीडी यूनिवर्सिटी में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनकी हौसलाफजाई करेंगे। दस दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 4000 से अधिक एथलीट 21 खेलों में 200 से अधिक यूनिवर्सिटीज का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीन जून को इसका समापन बीएचयू वाराणसी में होगा।
युवा खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर यह प्रदेश का सबसे बड़ा आयोजन साबित होने वाला है। इस वजह से इसे खेलों का महाकुंभ कहा जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक समेत प्रदेश के तमाम मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे। शुभारंभ समारोह में मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति भी देंगे। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स प्रदेश के चार शहरों लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और गौतमबुद्धनगर में आयोजित किये जा रहे हैं। राजधानी लखनऊ के अलावा, शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन नई दिल्ली में भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार लखनऊ आठ स्थानों पर 12 खेलों (तीरंदाजी, जूडो, मल्लखंब, वॉलीबॉल, तलवारबाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, रग्बी, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल की मेजबानी करेगा।
गौतमबुद्धनगर (नोएडा) तीन स्थानों में पांच खेलों (बास्केटबॉल, कबड्डी, मुक्केबाजी, तैराकी और भारोत्तोलन) की मेजबानी करेगा। वाराणसी आईआईटी-बीएचयू, दो खेलों (कुश्ती और योगासन) की मेजबानी करेगा, जबकि, गोरखपुर और दिल्ली क्रमशः रोइंग और शूटिंग इवेंट का आयोजन करेंगे। रोइंग को पहली बार इन गेम्स में शामिल किया गया है। इस बीच पांच मई को लखनऊ से रवाना की गई खेलों की मशाल प्रदेश के 75 जिलो से होते हुए 8948 किमी. का सफर तय कर बुधवार को वापस लखनऊ पहुंची। गुरुवार को ये मशाल बीबीडी यूनिवर्सिटी पहुंचेगी। गौरतलब है कि लखनऊ से चार मशालें रवाना की गई थीं, जिसके साथ इन खेलों का शुभंकर जीतू भी था। चारों मशालों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को कवर किया और सभी जगह खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने इसका भव्य स्वागत किया। इस दौरान साढ़े पांच लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में भाग लेने वाले विभिन्न विश्वविद्यालय के प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : यूपी के इन तीन जिलों में बढ़ेंगी पुलिसकर्मियों की आवासीय सुविधा, CM योगी ने दी बजट पर स्वीकृति
