Jalaun News : ठहरिए चांदी का वर्क असली है या नकली जानकर खरीदिए, एफएसडब्लू वैन टीम पहुंची बाजार, जांचे नमूने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में खाद्य विभाग के सचल दल एफएसडब्लू वैन टीम पहुंची बाजार।

जालौन में खाद्य विभाग के सचल दल एफएसडब्लू वैन टीम ने बाजार पहुंचकर नमूने जांचे। ग्राहक स्वयं कर सकता है असली-नकली की जांच।

जालौन, अमृत विचार। ठहरिए अगर आप किसी दुकान से चांदी का वर्क खरीद रहे है तो असली और नकली में अंतर समझ लीजिए। कहीं ऐसा तो नहीं कि आप जिस वर्क को चांदी का समझ कर ले जा रहे है, वह नकली हो और सेहत के लिए हानिकारक। इसमें आपको न तो किसी प्रयोगशाला में जाने की जरूरत है और न ही किसी विशेषज्ञ के पास। बस हाथ में वर्क लीजिए और उसे दोनों हाथों से रगड़ दीजिए, हाथों में चिपका रह जाए तो समझो वह नकली है। यह बात फूड्स इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र ने बंगरा में कही। वह यहां पर एफएसडब्लू वैन टीम के साथ आए हुए थे।

गुरुवार को झांसी से आई एफएसडब्लू की वैन फूड्स इंसपेक्टर दिनेश चंद्र की अगुवाई में बंगरा पहुंची। सचल दल टीम ने चौराहे पर रामअवतार सिंह, रोहित तिवारी, अनिल कुशवाहा, राहुल, मुकेश, अरविंद पानी पूरी, शर्मा किराना,  हारुन खान किराना समेत 26 दुकानों से वह नमूने लिए जो दुकानदारों के सामने जांचे जा सकते थे। विभिन्न संशाधनों से लैस वैन में ही प्रयोगशाला में नमूनों की जांच हुई।

इसके उपरांत उन्होंने दुकानदारों से कहा कि कोई वस्तु मिलावटी नहीं होनी चाहिए। मिलावट सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक होती है। दुकानदारों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह लोग मिलावटी सामग्री नहीं बेचते है और न ही भविष्य में बेचेंगे। यहां पर उन्होंने ग्राहकों को जागरुक रहने की सलाह दी। कहा कि मिलावट की शक है तो वह फौरन खाद्य विभाग को सूचित करें। उन्होंने कुछ परख स्वयं कर लेने के लिए कहा। चांदी वर्क से लेकर घी आदि की जानकारी दी। खाद्य सुरक्षाधिकारी के साथ संजय कुमार आदि मौजूद रहे।

दुकानों के गिरे शटर, सकते में आए दुकानदार

अचानक खाद्य विभाग के सचल दल के आने की जानकारी पर व्यापारी सकते में आ गए। बहुत से दुकानदारों ने दुकानों के शटर डाल दिए। इसके बाद वह टीम की जानकारी के लिए बाजार की भीड़ में शामिल हो गए। मोबाइल फोन पर एक दूसरे से संपर्क करके टीम की जानकारी लेते रहे। जब टीम यहां से चली गई तभी दुकानों के शटर खुले।

 

संबंधित समाचार