भाजपा सरकार ने दिया किसानों को धोखा : अखिलेश यादव 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में खेती का लागत मूल्य लगातार बढ़ रहा है लेकिन किसान को उनकी फसलों की कीमत नहीं मिल पा रही है। अखिलेश ने यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा किसानों को लगातार धोखा दे रही है। केन्द्र में भाजपा सरकार के नौ साल हो गए किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा किसानों से झूठे वादे करती है। किसानों को भ्रमित करने के लिए नए-नए कार्यक्रम घोषित करती है। भाजपा सरकार में आलू किसान बर्बाद हो गया। गन्ना की लागत बढ़ी पर सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढ़ायी। गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर अभी भी हजारों करोड़ रूपये बकाया है। गन्ना किसान परेशान है। इसी तरह से प्रदेश में किसानों के गेंहू की सरकारी खरीद नहीं हो पायी। सरकारी क्रय केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा है। 

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को अब मामूली सम्मान निधि के नाम पर भी धोखा दे रही है। किसानों को उनका हक न देने के लिए सरकार तरह-तरह के नियम बनाकर उलझाती है जिससे कि किसान सरकार के बनाये नये-नये नियमों, कानूनों के चक्कर में फंसा रहे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत किसानों के प्रति कभी ठीक नहीं रही। भाजपा किसान विरोधी है। भाजपा सरकार पूंजीपतियों की पोशक है। भाजपा सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को नियम कानूनों को ताक पर रखकर फायदा पहुंचा रही है जबकि किसानों को कानूनों में उलझाकर परेशान करती है। भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। किसान मजबूरन आत्महत्या करने पर मजबूर है।

ये भी पढ़ें -बांदा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- ग्राम प्रधान व सचिव जब गांव के लिये करेंगे काम, तभी होगा गांव का विकास

संबंधित समाचार