बॉलीवुड की हकीकत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुशांत सिंह राजपूत केस में रोज हो रहे नए खुलासों के बीच अब जांच पू्री तरह ड्रग्स के ईर्द-गिर्द पहुंच गई है। मामले में रिया चक्रवर्ती की व्हाट्सएप में हुई बातचीत के बाद यह बात सामने आई है। सुशांत की मौत का प्रतिबंधित दवाओं से कोई संबंध था या नहीं इस बात की सच्चाई तो …

सुशांत सिंह राजपूत केस में रोज हो रहे नए खुलासों के बीच अब जांच पू्री तरह ड्रग्स के ईर्द-गिर्द पहुंच गई है। मामले में रिया चक्रवर्ती की व्हाट्सएप में हुई बातचीत के बाद यह बात सामने आई है। सुशांत की मौत का प्रतिबंधित दवाओं से कोई संबंध था या नहीं इस बात की सच्चाई तो सीबीआई जांच पूरी होने के बाद ही आएगी, मगर इतना तो सच है कि मुंबई की मायानगरी के पीछे ड्रग्स रैकेट और इसके शिकार बॉलीवुड सितारों की एक अलग अंधेरी दुनिया भी है। ऐसी दुनिया जिसका सीधा संबंध बॉलीवुड के समानांतर इससे जुड़े ऐसे लोगों से है जो कथित तौर पर बड़ी पार्टी आयोजित कर वहां से नए लोगों को इस नरक की शुरुआत कराते हैं।

सुशांत मामले में अभी सच आना बाकी है, मगर इस बीच बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने जो बात कही है उससे समझा जा सकता है कि यह रंगीन दुिनया कितनी भयावह भी है। कंगना का कहना है कि बॉलीवुड के सितारों का नारकोटिक्स टैस्ट कराया जाएगा तो तहलका मच जाएगा। उनके मुताबिक शुरुआती करियर के दौरान उन्हें शराब पीने के लिए कहा जाता था। ऐसा नहीं किया तो उन्हें पार्टी में बुलाया जाना बंद कर दिया गया। जब पार्टी में गई तब ड्रग्स और ड्रग्स माफिया के बारे में मालूम हुआ।

कंगना ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए लिखा, ‘अगर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो बॉलीवुड में प्रवेश कर जाए, तो कई ए लिस्टर कलाकार सलाखों के पीछे चले जाएंगे। अगर ब्लड टेस्ट कराए जाएं तो कई चौंकाने वाले खुलासे होंगे। उम्मीद करती हूं कि पीएमओ- इंडिया स्वच्छ मिशन के अंतर्गत गटर यानी बालीवुड को साफ करेगी’।

जाहिर है कि बॉलीवुड की स्थापित अभिनेत्रियों में से एक अगर ऐसा कहती हैं तो बात में कुछ न कुछ सच्चाई जरूर होगी। बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड के दखल की बातें तो होती हैं, ऐसे में इसका कनेक्शन बड़े-बड़े ड्रग माफियाओं से भी हो तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। कई बड़े सितारे पूर्व में ड्रग्स के दलदल में धंस चुके हैं। कुछ ने इससे बाहर निकलने में सफलता पाई तो कई मुंबई में शुरुआत में सफल होने के बाद भी पता नहीं कहां गुम हो गए।

बॉलीवुड की देर रात तक चलने वाली दावतों का सच किसी से छिपा नहीं है। मुंबई के ड्रग्स मामलों का कनेक्शन दुबई से भी बताया जाता है। अब सुशांत के मामले में रिया चक्रवर्ती और एक बड़े ड्रग डीलर के बीच की बातचीत भी सामने आ रही है। जाहिर है कहीं न कहीं इस मामले में भी ड्रग्स का कोई न कोई कोण तो जरूर है। बॉलीवुड के इस काले सच की गहराई से जांच होना जरूरी है ताकि सु‍शांत के बहाने ही सही इस दलदल की सच्चाई सामने आ सके।