बहराइच : सरयू नहर में स्नान करते समय युवक डूबा, तलाश जारी
विशेश्वरगंज/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के शेखापुर गांव के निकट बहने वाली सरयू नहर में गुरुवार को चार दोस्त स्नान कर रहे थे। तभी पैर फिसलने से एक युवक डूब गया। जबकि तीन अन्य ने बाहर निकल कर अपनी जान बचा ली। डूबे युवक की तलाश गोताखोरों द्वारा की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेखापुर के निकट सरयू नहर है। सरयू नहर में गुरुवार शाम को गांव निवासी गुलशन (18) पुत्र रामबाबू अपने तीन और मित्रों के साथ स्नान कर रहा था। स्नान करते समय गुलशन का पैर फिसल गया जिससे वह गहरे पानी में चला गया। साथी लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा नहीं सके। सभी ने गुलशन के परिवारी जनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस भी गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंच गई। गोताखोर गुलशन की तलाश कर रहे हैं लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एक युवक सरयू नहर में स्नान करते समय डूबा है, उसकी तलाश करने के बाद भी पता नहीं चल सका है।
