अयोध्या: निर्माणाधीन रामपथ पर आठ जगह फटीं पाइप लाइनें, जलापूर्ति ठप
अयोध्या/अमृत विचार। निर्माणाधीन रामपथ पर लगातार बेतरतीब की जा रही खोदाई ने नगर निगम की पाइप लाइनों की बखिया उधेड़ कर रख दी है। सप्ताह भर पहले जलापूर्ति के संकट से उबरे लोगों को फिर पानी के लिए बिलबिलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक खोदाई के चलते आठ स्थानों पर पाइप लाइनें आधी से ज्यादा कट गईं हैं। दो स्थानों पर तो पूरी तरह से पाइप लाइन उखड़ गई है। जिसके चलते प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है।

नगर निगम के जलकल विभाग की टीमें लाइनें दुरुस्त करने में लगी हुई हैं। शासन की ओर से दिसम्बर तक रामपथ निर्माण पूरा करने की डेटलाइन को लेकर निर्माण एजेंसी आर एंड सी की हड़बड़ी अब साफ दिखाई देने लगी है। निर्माण एजेंसी ने सहादतगंज से लेकर अयोध्या नये घाट तक छीछालेदर मचा कर रख दी है। हाल यह है कि 13 किलोमीटर के निर्माणाधीन रामपथ में हर आधे किलोमीटर पर खोदाई है। जिसके चलते राह चलना तक दूभर हो गया है।
इन सबके बीच जलापूर्ति को लेकर हर दूसरे तीसरे दिन हाहाकार मच रहा है। गुरुवार रात से कई इलाकों में जलापूर्ति फिर ठप हो गई है। इस बार नए क्षेत्रों में महिला अस्पताल रोड और मुकेरी टोला भी चपेट में आ गया है। महिला अस्पताल रोड पर खोदाई के दौरान बड़ी पाइप लाइन कट गई जिसके कारण इलाके की जलापूर्ति ठप हो गई।
महिला अस्पताल के अगले हिस्से में भी पानी नहीं आ रहा है। वहीं नियावां रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के सामने खोदे गए नाले के कारण पूरी की पूरी पाइप लाइन ही उखड़ गई है। जहां शुक्रवार सुबह से पूरी क्षेत्र की आबादी जल बिन मछली की तरह तड़प रही है। इसके अलावा एसएसवी, गुलाबबाड़ी, हमदानी कोठी, खवासपुरा, शास्त्रीनगर, अंगूरीबाग में भी चार से अधिक स्थानों पर भी खोदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है।

इतना ही नहीं राठहवेली रोड पर एक स्थान पर पाइप लाइन उखड़ कर बाहर आ गई है। लोगों का कहना है कि लगातार बेतरतीब ढंग से खोदाई की जा रही है। जिसका खामियाजा आम जनमानस को भुगतना पड़ रहा है। बता दें कि अभी सप्ताह भर पहले कई क्षेत्रों में लोगों को पानी के अभूतपूर्व संकट का सामना करना पड़ा था, बड़ी मशक्कत के बाद जलकल प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति सुचारू करने में सफल हुआ लेकिन अब फिर लोग इस किल्लत से घिर गए हैं।
जलकल ने निर्माण एजेंसी को लिखे बीस पत्र, एजेंसी ने नहीं दिया जवाब
लगातार खोदाई के चलते रोजाना क्षतिग्रस्त हो रही पाइप लाइनों को लेकर जलकल ने निर्माण एजेंसी आर एंड सी को एक दो नहीं बीस पत्र लिखे। इन पत्रों के जरिए खोदाई से होने वाले संकट और खोदाई के दौरान विभाग को सूचना दिए जाने की बात कही गई। हाल यह है कि अपने में मदमस्त निर्माण एजेंसी ने जलकल के एक पत्र का जवाब तक नही दिया है।
अधिशासी अभियन्ता जलकल अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि लगातार पत्राचार किया जा रहा है लेकिन एजेंसी ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक जहां भी पाइप लाइनें टूटीं हैं उनकी सूची फिर भेजी जा रही है। सभी जगहों पर टीमें लगा कर लाइन दुरुस्त कराई जा रही है। जहां पूरी तरह से उखड़ गई है वहां अभी समस्या है। उसे ठीक करने में समय लगेगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: गांव में पहुंचा तेंदुए का शावक, ग्रामीणों को दौड़ाया, वन विभाग की टीम ने जंगल की ओर खदेड़ा
