पीलीभीत: एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में विवाद...शिक्षक को गेट तक दौड़ाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित शिक्षक बोला- कई दिनों से किया जा रहा प्रताड़ित, नहीं मिला न्याय तो आत्महत्या करूंगा

अमरिया, अमृत विचार। एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में नर्स की ट्रेनिंग देने वाले शिक्षक और शिक्षिकाओं के बीच चल रही प्रतिष्ठा की लड़ाई दिन पर दिन तूल पकड़ती जा रही है। शुक्रवार को रजिस्टर में हाजिरी लगाने को लेकर शिक्षक और शिक्षिका में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि आपस में कहासुनी हो गई।

शिक्षक का आरोप है कि शिक्षिका ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए उसे सेंटर से गेट तक दौड़ा दिया। वहीं शिक्षिका ने भी शिक्षक पर तमाम आरोप लगाए हैं। फिलहाल सेंटर पर हुई कहासुनी का मामला सीएमओ तक पहुंच गया। इस पर सीएमओ मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।

शासन की ओर से एएनएम ट्रेनिंग सेंटर बनाए गए थे। लेकिन वह सेंटर कई दिनों से बंद पड़े थे। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन सेंटर को शुरू करते हुए यहां पर स्टाफ नर्स की ट्रेनिंग शुरु कराई है। इस क्रम में अमरिया तहसील में बने एएनएम सेंटर पर भी ट्रेनिंग शुरू कराई है। जहां वर्तमान में 25 छात्राएं ट्रेनिंग ले रही हैं।

उन्हें ट्रेनिंग देने के लिए चयनित प्रक्रिया के तहत छह शिक्षक-शिक्षिकाओं को रखा गया। इनमें एक शिक्षक पुरुष और पांच महिलाएं हैं। लेकिन इस सेंटर पर शिक्षक प्रमोद कुमार और अन्य शिक्षिकाओं के बीच किसी बात को लेकर प्रतिष्ठा की लड़ाई चल रही है। आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा होता रहता है।

शिक्षक प्रमोद का आरोप है कि स्वाति शर्मा खुद को प्रधानाचार्या मानती है और उन्हें वहां काम करने से रोकती है। शिक्षक इसके बाद अवकाश लेकर चला गया। शुक्रवार को कार्यालय में पहुंचे तो वहां रजिस्टर गायब था। इस पर उन्होंने रजिस्टर के बारे में जानकारी की।

आरोप है कि शिक्षिका स्वाति शर्मा और अन्य शिक्षिकों ने अभद्रता करना शुरू कर दी। जब विरोध किया तो गाली गलौज करते हुए उनसे लड़ने के लिए आमादा हो गई। इतना ही नहीं उन्हें सेंटर से दौड़ा दिया। किसी तरह शिक्षक अपनी जान बचाते हुए मामले की सूचना कार्यक्रम के नोडल डा. एस के सिंह और सीएमओ डा. आलोक कुमार को दी। हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद भी वहां जांच करने के लिए कोई अफसर नहीं पहुंचा। सेंटर में हुई घटना आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

ये भी पढ़ें : मार्च तक पूरा हो जाएगा काम...जल्द होगा ट्रेनों का संचालन

संबंधित समाचार