पीलीभीत: मार्च तक पूरा हो जाएगा काम...जल्द होगा ट्रेनों का संचालन
पीलीभीत, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम सीवी रमन गुरुवार को स्पेशल निरीक्षण यान से पीलीभीत जंक्शन पहुंचे। स्टेशन के निरीक्षण के बाद माला-शाहगढ़ के बीच हो रहे काम को परखने के लिए कार से रवाना हुए। इस दौरान जीएम को काम की रफ्तार धीमी मिली। इस पर काम को तेज गति से करने के निर्देश दिए। जीएम के निरीक्षण के बाद संभावना है कि मार्च 2024 तक माला शाहगढ़ और पीलीभीत के बीच कार्य पूर्ण हो जाएगा। जिसके बाद जल्द ट्रेनों का संचालन शुरू होगा।
मैलानी-पीलीभीत रेल खंड पर वर्ष 2018 से ट्रेनों का संचालन बंद है। मैलानी से शाहगढ़ के बीच काम होने के बाद मुख्य संरक्षा आयुक्त निरीक्षण भी हो गया लेकिन इसके बाद भी ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर कई बार धरना प्रदर्शन भी किया जा चुका है।
जिसका संज्ञान लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम सीवी रमन, डीआरएम रेखा यादव व निर्माण और मंडल समेत जोनल अधिकारियों ने माला-शाहगढ़ रूट पर निरीक्षण किया। इस दौरान काम की गति धीमी मिली। जिस पर जीएम ने काम को तेज गति से करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व जीएम ने अमृत भारत योजना के अंतर्गत चयनित पीलीभीत रेलवे जंक्शन के वीआईपी लॉज समेत पैदल पुल का मुआयना किया। इस दौरान जोनल, मंडलीय अधिकारियों के अलावा एसएस व सभी विभागों के सुपरवाइजर व अधिकारी भी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: लेखपाल से अभद्रता कर छुड़ा ले गए खनन करते पकड़े वाहन...जानिए मामला
