लखनऊ: पीड़ित ने दरोगा पर लगाया दस हजार रुपये मांगने का आरोप, जानें पूरा मामला
अमृत विचार। मड़ियांव थानाक्षेत्र अन्तर्गत फैजुल्लागंज से एक किशोरी प्रेमी के संग फरार हो गई। किशोरी के पिता को प्रेमी की करतूत पता चली तो उसने सम्बन्धित थाने में लिखित शिकायत की लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। किशोरी के पिता ने दरोगा पर दस हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में अर्जी दायर की। शुक्रवार देर रात कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
फैजुल्लागंज के रहने वाले पीड़ित ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बीते 22 मार्च से उसकी बेटी (15) लापता चल रहा है। जांच-पड़ताल में पीड़ित को जानकारी हुई कि सीतापुर जनपद के कमलापुर थानाक्षेत्र के सुकहापुरवा गांव निवासी सर्वेश अपने परिवारिक सदस्यों की मदद से बेटी को अपने संग कहीं भगा ले गया है।
इसके बाद पीड़ित ने मड़ियांव थाने में लिखित शिकायत की लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पीड़ित का आरोप है कि फैजुल्लागंज चौकी इंचार्ज ने बेटी को बरामद करने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इनकार करने पर चौकी इंचार्ज पीड़ित से अभद्रता करने लगा।
इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में अर्जी दायर की। कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। मड़ियांव प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से आरोपितों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज के कोरांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, पांच घायल
