Pilibhit: 48 घंटे से लापता बीबीए का छात्र, बरामदगी न होने पर गुस्साए परिजन...कोतवाली घेरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

26 मई को घर से बरेली एक कॉलेज जाने के लिए निकला था छात्र, नंबर स्विच ऑफ

पूरनपुर, अमृत विचार। बरेली जाने के लिए निकला बीबीए का छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। 48 घंटे बाद भी उसकी बरामदगी न होने पर परिजन गुस्सा गए। सराफा व्यापारियों के साथ कोतवाली का घेराव किया। अब तक बरामदगी न होने पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। पुलिस ने जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर परिजन को शांत कराया। उसके बाद पुलिस की कई टीमें बरामदगी के लिए दौड़-भाग में जुट गई। बरेली में भी एक टीम ने दबिश दी। कुछ संदिग्धों को पकड़कर पुलिस पूछताछ करती रही।

पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौक निवासी सतीश वर्मा सराफा व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि उनका भतीजा मोहल्ला बमनपुरी निवासी जतिन वर्मा सिद्धि विनायक कॉलेज में बीबीए का छात्र है। 26 मई को वह घर से निकलने के बाद स्वामी एजुकेशन महाविद्यालय से कुछ कागजात लिए और फिर बरेली में कॉलेज जाने के लिए निकल गया। जब देर रात तक छात्र घर वापस नहीं आया तो परिजन चिंतित हो गए।

छात्र की तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। कॉल की गई तो मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ बताता रहा। परिजन ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने छात्र की गुमशुदगी तो दर्ज कर ली। मगर, आरोप है कि छात्र को तलाशने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। दो दिन बीतने के बाद भी जब पुलिस प्रकरण को लेकर संजीदा न हुई तो परिजन गुस्सा गए।

रविवार को परिजन और व्यापारी एकजुट होकर कोतवाली पहुंचे और घेराव कर दिया। कोतवाल के आवास का भी घेराव किया गया। उनका आरोप था कि पुलिस लापरवाही बरत रही है। पुलिस ने छात्र की बरामदगी के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने परिजन से बात कर आश्वस्त किया कि वह जल्द छात्र को बरामद कर लेंगे।

इस पर परिजन शांत हुए। उसके बाद पुलिस की टीमें भी बरामदगी को दौड़ने लगी। सर्विलांस, एसओजी टीम भी छात्र की सुरागरसी में जुट गई। एक टीम ने बरेली में दबिश दी। बताते हैं कि यहां से कुछ युवकों को भी हिरासत में लिया। जिनसे पूछताछ चलती रही।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: दबाव बनाने के लिए पति ने नहाते वक्त बना ली पत्नी की वीडियो, वायरल करने की दी धमकी

संबंधित समाचार