अमरोहा: गंगेश्वरी पहुंचे राकेश टिकैत, बोले- पहलवानों का उत्पीड़न कर रही केंद्र सरकार
किसान नेता के भाई की मौत पर शोक व्यक्त करने पहुंचे राष्ट्रीय प्रवक्ता
अमरोहा, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सोमवार को हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव गंगेश्वरी पहुंचे। उन्होंने तहसील अध्यक्ष महेश ठाकुर के आवास पर पहुंचकर उनके भाई की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहलवानों का उत्पीड़न कर रही है।
रविवार को महेश ठाकुर तहसील अध्यक्ष हसनपुर के भाई सुरेश ठाकुर की मौत हो गई थी। मौत की सूचना पर भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत प्रदेश उपाध्यक्ष दानवीर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गंगेश्वरी टीटू त्यागी, काले सिंह, निगम त्यागी, सुरेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह, नीरज त्यागी, महेश पहलवान, गुल्ली सिंह व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया। परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बाईपास मार्ग पर पत्रकारों से कहा कि जिन पहलवानों ने देश के लिए मेडल जीते हैं, केंद्र सरकार उनका उत्पीड़न कर रही है। दोषी सांसद को भाजपा बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता रविवार को शांतिपूर्वक तरीके से धरना-प्रदर्शन करना चाह रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया।
इस अवसर पर महावीर सिंह, सीता आर्य, शीशपाल सिंह, बाबू अली, गंगाराम आर्य, जगत सिंह, नरेश, यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे। गजरौला में भी राष्ट्रीय प्रवक्ता का स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने लोगों को फायदा पहुंचा रही है। महिला पहलवानों के साथ अन्याय करने वाले बृजभूषण को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिल्ली पुलिस महिला पहलवानों पर अत्याचार कर रही है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बेटे ने पिता पर किया गर्म प्रेस से हमला, रिपोर्ट दर्ज
