Bajpur News: भूमि बचाओ मुहिम के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, अतिक्रमण हटाने के नाम पर परेशान करने का लगाया आरोप
बाजपुर, अमृत विचार। अतिक्रमण के नाम पर प्रदेश की मजदूर-किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित भूमि बचाओ मुहिम के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर लोगों को बेवजह परेशान करना बंद नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को कार्यकर्ता भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेता जगतार सिंह बाजवा की अगुवाई में एकत्रित होकर एसडीएम कोर्ट जा पहुंचे यहां जोरदार प्रदर्शन किया। बाजवा ने कहा कि भाजपा सरकार अतिक्रमण हटाने की आड़ में कई दशकों से जमीनों पर खेती कर अपनी गुजर-बसर कर रहे किसानों को उजाड़ने की साजिश कर रही है।
तराई को आबाद करने में जिन परिवारों की पीढ़ियां खप गई उन्हें बेघर किया जा रहा है। पहले जी-20 के नाम पर और अब सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के नाम पर लोगों की दुकानें व घर तोड़े जा रहे हैं। जो बंजर भूमि को उपजाऊ बनाकर अपना जीवनयापन कर रहे हैं उनको भी खदेड़ने की योजना चल रही है।
इस मौके पर दर्शन गोयल, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, पंकज कुमार, दारा दिलेर सिंह रंधावा, पवन खनसाली, निरंजन सैनी, जसविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, तरसेम सिंह, दिलीप सिंह, स्वर्ण सिंह, राजकिशोर सिंह आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- बनबसाः पुलिस को मिली कामयाबी, स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
