गोंडा : फर्जी मार्कशीट लगाकर सहायक अध्यापक बनी शिक्षिका बर्खास्त, दर्ज होगा केस
गोंडा, अमृत विचार। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। फर्जी मार्कशीट लगाकर सहायक अध्यापक की नौकरी हथियाने वाली एक शिक्षिका को सोमवार को बर्खास्त कर दिया गया। बीएसए ने बर्खास्तगी की कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षिका के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
रमाबाई नगर के डेरापुर तहसील के छतरसा गांव की रहने वाली पिंकी वर्मा पुत्री धनीराम को वर्ष 2018 में जिले के झंझरी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय बैकुंठपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती मिली थी। नियुक्ति के समय पिंकी ने टीईटी की जो मार्कशीट लगायी थी उसमें वर्ष 2013 नें टीईटी पास करने का दावा किया गया था।
नियुक्ति के बाद जब पिंकी वर्मा के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराया गया तो उसके टीईटी का अंक पत्र संदिग्ध पाया गया। इस पर तत्कालीन बीएसए ने उसे नोटिस जारी कर जवाब मांगा तो वह बगैर किसी सूचना के स्कूल से लापता हो गयी। बीएसए कार्यालय की तरफ से पिंकी वर्मा को कई नोटिस दी गयी लेकिन वह जवाब देने नहीं आई। वर्ष 2022 में जब उसे अंतिम नोटिस जारी कर सेवा से बर्खास्तगी की चेतावनी दी गयी तब जाकर वह 30 अगस्त को बीएसए कार्यालय में उपस्थित हुई और अपना प्रत्यावेदन देकर फिर से सत्यापन कराए जाने की मांग की। इस दौरान उसने जालसाजों से मिलीभगत कर अपने टीईटी के अंक पत्र की फर्जी सत्यापन आख्या भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भिजवाई। शक हुआ तो बीएसए ने एक बार फिर से उसका सत्यापन कराया तो वह आख्या भी फर्जी पायी गयी।
इस पर फर्जी अंक पत्र लगाकर सहायक अध्यापक की नौकरी हथियाने वाली पिंकी वर्मा को सोमवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्द कराने के लिए झंझरी के खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है।
ये भी पढ़ें - गोंडा : पारिवारिक कलह में पति ने पहले पत्नी और फिर खुद को घोंपा चाकू
