अमरोहा: सांड की टक्कर से बाइक सवार सेना के जवान की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर, अमृत विचार। सांड ने बाइक पर सवार सेना के जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी व दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसा चेतन चौहान मार्ग पर हुआ।

रहरा थाना क्षेत्र के गांव नवाबपुरा खादर निवासी अंकित (30) सेना में पंजाब के फिरोजपुर में तैनात था। रविवार रात वह छुट्टी पर घर आया था। सोमवार सुबह अंकित पत्नी सोनम, दो वर्षीय बेटे पर्व व तीन वर्षीय बेटी निशि को बाइक से लेकर अपनी बीमार सास को देखने अमरोहा जा रहा था।

जैसे ही वह कोतवाली क्षेत्र के भूतखदेड़ी गांव के नजदीक पहुंचा तभी अचानक खेत से दौड़ता हुआ सांड सड़क पर आकर बाइक से टकरा गया। हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्नी व बच्चों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।  

सूचना मिलते ही एसडीएम अशोक शर्मा, सीओ अभिषेक यादव एवं प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। एसडीएम  ने बताया कि वन विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं कि जल्द सांड को पकड़वाया जाएगा। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि बाइक सवार फौजी की सांड की टक्कर से मौत हो गई है। हादसे में फौजी की पत्नी व दो बच्चे भी घायल हुए हैं, उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें : गंगेश्वरी पहुंचे राकेश टिकैत, बोले- पहलवानों का उत्पीड़न कर रही केंद्र सरकार

संबंधित समाचार