पीलीभीत: अब पीलीभीत सीट पर सपा प्रत्याशी ने मतगणना को दी चुनौती, भाजपा चेयरमैन को बनाया मुख्य विपक्षी..जानिए मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 मतगणना परिणाम शून्य घोषित कर दोबारा मतगणना कराने की याचना, जिला जज ने सुनवाई को नियत की 14 जुलाई

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव 2023 में मतगणना के बाद की गई विजेताओं की घोषणा को लेकर कुछ दिन पहले ही बीसलपुर सीट को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी ने रिट दाखिल की थी।  इसके बाद अब नगर पालिका परिषद पीलीभीत अध्यक्ष पद को लेकर दूसरे नंबर आई सपा प्रत्याशी नसरीन अंसारी की ओर से भी न्यायालय की शरण ली गई है। जिसमें मतगणना परिणाम शून्य घोषित करते हुए दोबारा मतगणना कराने की याचना की है।

 जिला जज सुधीर कुमार ने याचिका को अंगीकृत करते हुए  विपक्षीगण को नोटिस जारी करने के आदेश किए हैं। सपा प्रत्याशी नसरीन अंसारी ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.आस्था अग्रवाल व अन्य के खिलाफ बुधवार को जिला जज अदालत में याचिका दायर की। याचिका में चेयरमैन डॉ.आस्था अग्रवाल को मुख्य विपक्षी, अन्य प्रत्याशियों रिटर्निंग ऑफिसर,  उप निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी  जिलाधिकारी समेत तेरह लोगों को पक्षकार बनाया है।

याचिका में कहा है कि नियम विरुद्ध एवं मनमाने ढंग से मतगणना में हेरा-फेरी करके अवैध रूप से भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित किया गया है। वास्तविक रूप से अगर मतगणना होती तो याची विजयी होती। सत्ता -शासन के अनुचित दबाव में आकर नियम विरुद्ध ढंग से मतगणना करके याची को उपविजेता दर्शाया गया।

यह भी कहा कि 13 मई को पीलीभीत के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज हाल में मतगणना की जो प्रक्रिया अपनाई गई वह निष्पक्ष व पारदर्शिता नहीं थी। पीलीभीत नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव की मतगणना को  शून्य घोषित करने और मतपत्रों की गणना दोबारा पारदर्शिता के साथ कराने की याचिका की गई। इसके अलावा भी कई गंभीर आरोप याचिका में लगाए गए हैं।  जिला जज सुधीर कुमार ने  याचिका को अंगीकृत करते हुए इस मामले में अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी।

ये भी पढ़ें : पीलीभीत: विदेश में नौकरी की चाहत ने पहुंचा दिया मलेशिया की जेल, जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार