अयोध्या: पुरानी पेंशन बहाली को लेकर 24 कर्मचारी संघों ने भरी हुंकार
लोकसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन बहाली की उठाई मांग
अयोध्या/अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अब कर्मचारी संगठन आरपार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। गुरुवार को यहां संयुक्त कर्मचारी परिषद के संघ भवन पर आयोजित बैठक में 24 संघों ने हुंकार भरी। सभी संघों ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले केन्द्र सरकार पुरानी पेंशन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करे अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। इसी के साथ उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आगामी 5 जून को कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद के बैनर तले पेंशन रथ यात्रा के स्वागत, रैली को लेकर मंथन किया।
संघ भवन संयुक्त कर्मचारी परिषद पर तैयारी बैठक का में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर रेलवे मेंस यूनियन, नलकूप संघ, सिचाई विभाग, विशिष्ट बी टी सी संघ, अमीन संघ, लेखपाल संघ, आई टीआई संघ, विश्वविद्यालय संघ, नर्सेज संघ डिप्लोमा इंजीनियर संघ आदि के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में आगामी 5 जून को आ रही पुरानी पेंशन रथयात्रा का स्वागत और अन्य तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक के बाद सभी संघों के पदाधिकारियों ने संघ भवन के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान संघों के अध्यक्ष, महामंत्री और सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: ऐसे चल रही हैं स्वास्थ्य सेवाएं, प्रभारी को न खुद की न कर्मियों की तैनाती का पता
