अमरोहा : तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, मानसिक रूप से था बीमार
अजीम की फाइल फोटो।
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। नगर के मोहल्ला दरबार निवासी युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह मानसिक रूप से बीमार था। उपचार को ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
बुधवार रात करीब नौ बजे अजीम पुत्र अंजुम परवेज अपने मकान की तीसरी मंजिल पर कमरे की बालकनी में टहल रहा था। अचानक वह नीचे गिर गया। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गुरुवार की प्रातः गमगीन माहौल में परिजनों ने शव को दफना दिया।
परिजनों ने बताया कि युवक पर करीब सात वर्ष पूर्व जानलेवा हमला हुआ था। मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से युवक की गर्दन पर हमला किया था। हमले में युवक की गर्दन का कुछ हिस्सा कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लंबे समय तक परिजनों ने उसका उपचार कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। उसके बाद से अजीम की मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : दहेज की बलि चढ़ी दो महिलाएं, एक की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया तो दूसरी लटकी मिली
