रुद्रपुर: अतिक्रमण की जद में आए लोगों की हो पुनर्वास की व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांग्रेस के नेताओं ने जिलाधिकारी के साथ बैठक कर की अभियान को रोकने की मांग

सीएम को भी भेजा पत्र, जसपुर और खटीमा विधायक भी रहे मौजूद

रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर में अतिक्रमण के नाम पर शहर और गांवों में लोगों के मकानों को ध्वस्त किए जाने से नाराज जसपुर विधायक, खटीमा विधायक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने बेघर हुए लोगों के लिए इस अभियान को रोकने और उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। बैठक के बाद उन्होंने एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भी प्रेषित किया।
शुक्रवार को जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा समेत कई कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी युगल किशोर पंत के साथ बैठक की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऊधमसिंह नगर में अतिक्रमण के नाम पर शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। इनमें कुछ परिवार ऐसे भी हैं जो पिछले 50 वर्ष से इन घरों में रह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर और दुकान टूट रहे हैं उनमें अधिकांश लोग गरीब वर्ग के हैं। घर टूटने के कारण उनके पास रहने के लिए कोई जगह भी नहीं बची है और वे सड़क पर आ गए हैं।

बरसात का मौसम आने वाला है ऐसे में इन लोगों के लिए उचित पुनर्वास की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मानवीय आधार पर इस अभियान को रोके जाने और लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। इस अवसर पर सौरभ चिलाना, संदीप चीमा, मोहन खेड़ा, पुष्कर जैन, मीना शर्मा, सुनीला समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार