गाजियाबाद में 50 हजार का इनामी अपराधी मोनू चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल
गाजियाबाद/लखनऊ। गाजियाबाद के मुरादनगर थानाक्षेत्र में शुक्रवार को जवाबी गोलीबारी में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी मोनू चौधरी उर्फ विशाल मारा गया और दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। यूपी के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि शुक्रवार अपराहन लगभग साढ़े तीन बजे गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में जवाबी गोलीबारी में 50 हजार रुपये का इनामी मोनू चौधरी उर्फ विशाल मारा गया।
उन्होंने बताया कि मुरादनगर थाना क्षेत्र का निवासी मोनू पिछले दो महीने में हुई दो हत्याओं में वांछित था तथा उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और गिरोहबंद अधिनियम समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुमार ने बताया कि हाल ही में गाजियाबाद पुलिस ने उसके गिरोह के सदस्यों की गिरोहबंद अधिनियम के तहत 29 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ की इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आयी हैं।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: एक मिनट में एक ही बाइक के हुए दो चालान, वाहन स्वामी की शिकायत पर एएसपी ने टीआई को किया तलब
