बरेली: भोजीपुरा-बरेली सिटी डबल रेल लाइन का डीपीआर तैयार
गतिशक्ति यूनिट ने शुक्रवार को सीनियर डीओएम को सौंपी डीपीआर
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा से बरेली सिटी तक प्रस्तावित रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। बीते दिनों इसका सर्वे पूरा कर लिया गया। रेलवे की गतिशक्ति यूनिट ने इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली है। शुक्रवार को डीपीआर संबंधित अधिकारी के पास सबमिट की गई। लिहाजा अब रेलवे बोर्ड से अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बेहतर सुविधा की मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी के लिए दोहरीकरण और तीसरी लाइन के कार्य हो रहे हैं। जिसके चलते रेलवे बोर्ड से 19.31 किलोमीटर लंबे भोजीपुरा-बरेली डबल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे करा लिया है। इसका डीपीआर भी बनकर तैयार हो गया। जिसे शुक्रवार को गतिशक्ति यूनिट द्वारा सीनियर डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर के पास सबमिट किया गया। जहां से इसके गोरखपुर स्थित मुख्यालय और फिर रेलवे बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।
दोहरीकरण से ट्रेनों की चाल में होगा सुधार
ट्विन सिंगल लाइन होने से इस रूट पर चलने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी। साथ ही ट्रेनों के समय पालन में भी सुधार होगा। इस रेल खंड पर कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता है। मगर सिंगल लाइन होने के कारण एक्सप्रेस ट्रेनें भी पैसेंजर की चाल से ही चल पाती हैं। 19.3 किलोमीटर लंबे इस रेलवे ट्रैक से 24 घंटे में करीब 24 अप और डाउन यात्री ट्रेनें और एक दर्जन के आसपास मालगाड़ियों का आवागमन होता है। मौजूदा समय में यह रेल लाइन पूरी तरह सिंगल है।
भोजीपुरा-बरेली सिटी रेल लाइन का डीपीआर सीनियर डीओएम के पास गतिशक्ति यूनिट के अधिकारियों ने सबमिट किया है। अब इसे गोरखपुर मुख्यालय से रेलवे बोर्ड के अप्रूवल को भेजा जाएगा- राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर रेल मंडल।
ये भी पढ़ें- बरेली: अशरफ के गुर्गों का ताबड़तोड़ फायरिंग का वीडियो वायरल, लोगों में दहशत का माहौल
