संभल : बेटे ने की आत्महत्या तो सदमे में मां ने भी फंदे से लटककर दी जान
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव की घटना, परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई मां बेटे के शवों का किया अंतिम संस्कार
संभल, अमृत विचार। संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में बेटे ने जहर खाकर आत्महत्या की तो सदमें में बूढ़ी मां ने फंदे पर लटककर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिये बिना मां बेटे के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव में पचास वर्षीय व्यक्ति शुक्रवार की शाम को शौच करने के लिए जंगल में गया था। गांव के बाहर ही उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद वह घर लौटा तो परिवार के लोगों को बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन आनन फानन में उसे इलाज के लिए अलीगढ़ लेकर गये लेकिन अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। देर रात परिजन उसका शव लेकर गांव पहुंचे।
बेटे की मौत का उसकी 75 साल की मां के ऐसा सदमा लगा कि वह बेटे का शव देखने के बाद जंगल में गई और गले में फंदा लगाकर कपड़े का दूसरा सिरा पेड़ से बांधकर लटक गई। जब तक ग्रामीणों की नजर पड़ी तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। सुबह को परिजनों ने गंगा तट पर मां व बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले को लेकर पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें : संभल : एसपी साहब बताइए, पुलिस को किसने दे दी बेवजह मारपीट की छूट?
