मुरादाबाद : अवैध संबंधों का विरोध करने पर हुई थी ट्रक चालक की हत्या
मुरादाबाद/मूंढापांडे/अमृत विचार। थाना पुलिस ने ट्रक चालक की हत्या के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। ट्रक चालक की पत्नी के उसके दोस्त के साथ अवैध संबंध थे। जानकारी होने पर ट्रक चालक ने विरोध किया तो दोस्त ने उसे रास्ते से हटाने की तैयारी कर ली। प्लान के तहत पहले फोन करके बुलाया, बाद …
मुरादाबाद/मूंढापांडे/अमृत विचार। थाना पुलिस ने ट्रक चालक की हत्या के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। ट्रक चालक की पत्नी के उसके दोस्त के साथ अवैध संबंध थे। जानकारी होने पर ट्रक चालक ने विरोध किया तो दोस्त ने उसे रास्ते से हटाने की तैयारी कर ली। प्लान के तहत पहले फोन करके बुलाया, बाद में अमरोहा क्षेत्र में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में पहचान छुपाने के लिए उसका चेहरा कूंच दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। सूचना पर पुलिस ने दलतपुर स्थित पराग फैक्ट्री के पास दबिश देकर आरोपी पीतलनगरी निवासी अजयपाल और उसके एक दोस्त कुलदीप सैनी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बकौल पुलिस, अजयपाल का रोहित के घर आना-जाना था।
इस बीच रोहित की पत्नी से अजय के अवैध संबंध हो गए। इसकी जानकारी होने पर रोहित ने विरोध करना शुरू कर दिया। घटना वाले दिन अजयपाल ने फोन करके उसे बुलाया और कुलदीप के साथ अमरोहा की ओर ले गया। रास्ते में सभी ने नशा किया। बाद में मौका पाकर गला दबाकर रोहित की हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए ईंट से चेहर कूंच दिया। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
बता दें कि शव सोमवार को अमरोहा जिले में थाना देहात क्षेत्र के कांकर सराय मार्ग पर एक खेत में मिला था। युवक के मुंह पर चोट के निशान थे और पहचान छुपाने के लिए उसका चेहरा कूंच दिया गया था। बुधवार को मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर विसाहट के तमाम ग्रामीण अमरोहा पहुंचे और शव की शिनाख्त गांव निवासी सत्यवान के बेटे रोहित के रूप में हुई। मौके पर आए रोहित के भाई रवि ने बताया कि रोहित ट्रक चालक था।
परिजनों ने किया हंगामा तब दर्ज हुई रिपोर्ट
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव आए। इसके बाद मूंढापांडे थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने रोहित की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। खफा परिजनों ने हाईवे जाम करने का भी प्रयास किया। किसी तरह पुलिस ने समझाकर मामले को शांत कराया। परिजनों का कहना था कि उनका एक मकान मुरादाबाद में पीतलनगरी में भी है। मकान के कुछ आगे अजयपाल रहता है। उसकी रोहित से दोस्ती है। अजयपाल और एक अन्य पर परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए तहरीर दी थी।
