Auraiya News : फूल विसर्जन करने गया युवक यमुना नदी में डूबा, गोताखोरों ने चार घंटे की मशक्कत कर निकाला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में फूल विसर्जन करने गया युवक यमुना में डूबा।

औरैया में फूल विसर्जन करने गया युवक यमुना नदी में डूब गया। गोताखोरों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।

औरैया, अमृत विचार। अयाना थाना क्षेत्र के बीझलपुर में भागवत कथा समापन के बाद फूल विसर्जन के लिए गया एक युवक यमुना नदी में डूब गया। युवक को डूबते देख लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर शव की तलाश कराई। करीब चार घंटे के मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। 

कस्बे अयाना निवासी रामप्रकाश प्रजापति के यहां आयोजित भागवत कथा के समापन पर शनिवार सुबह 11 बजे ग्रामीण बीझलपुर यमुना नदी घाट पर फूल विसर्जन के लिए पहुंचे। साढ़े 11 बजे के करीब नहाने के दौरान कृपेंद्र उर्फ रानू सेंगर (28) पुत्र शैलेंद्र सेंगर नदी की धार में आकर बहने लगा। चीखने की आवाज सुन लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की तब तक वह नदी में डूब गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीझलपुर व जालौन जिला जिले की सीमा में बसे गांवों से गोताखोरों को बुलवाकर नदी में तलाश शुरू करवाई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसे नदी की तलहटी से खोजकर बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी अयाना लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कृपेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मां मंजू देवी व बड़े भाई सौरभ का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि फौती की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार