Banda News: बेटे-बहू करते थे प्रताड़ित, वृद्धा पहुंची तहसील दिवस, अधिकारियों ने फिर ये किया

बांदा में बेटे-बहू से परेशान वृद्धा को मिला पुलिस का सहारा।

Banda News: बेटे-बहू करते थे प्रताड़ित, वृद्धा पहुंची तहसील दिवस, अधिकारियों ने फिर ये किया

बांदा में बेटे-बहू से परेशान वृद्धा को मिला पुलिस का सहारा। त्वरित शिकायत निस्तारण पर पुलिस वृद्धा के साथ घर पहुंची।

बांदा, अमृत विचार। तहसील दिवस में बुजुर्ग महिला की शिकायत का प्रशासन ने संज्ञान ले लिया। आनन-फानन में त्वरित समाधान करते हुए पुलिस को निर्देश दिए गए कि वृद्धा को सकुशल उसके घर पहुंचाया जाए और उसके बेटे और बहू को दोबारा वृद्धा को प्रताड़ित करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जाए। पुलिस ने ऐसा ही किया। पुलिस के साथ जब वृद्धा अपने घर पहुंची तो लोगों का मजमा लग गया। पुलिस ने वृद्धा के बहू और बेटे को चेतावनी दी कि अगर दोबारा वृद्धा को परेशान किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

शहर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा बाजार निवासी सुकीर्तिन साहू (75) पत्नी स्व. नाथूराम साहू को उसका पुत्र सुरेश साहू और बहू सुमन साहू व पोती नेहा साहू ने उसे घर से निकालने के उद्देश्य से उसके साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित किया था। वृद्धा बहू बेटा की यातनाओं से परेशान थी। शनिवार को सुकीर्तिन तहसील में लगने वाले समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र लेकर पहुंची।

तहसील में बैठे मंडलायुक्त आरपी सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र विपिन मिश्र, क्षेत्राधिकारी नगर गवेंद्रपाल गौतम शिकायतें सुन रहे थे। इसी बीच सुकीर्तिन भी प्रार्थना पत्र लेकर पहुंच गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। उसके लड़के सुरेश और बहू सुमन को तहसील बुलवाया गया। उन्हें कड़ी हिदयत के साथ चेतावनी भी दी गई कि अगर वृद्धा को प्रताड़ित किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वाहन में वृद्धा को घर छोड़कर आई। बुजुर्ग महिला ने पुलिस अधिकारियों का अभार जताया।