तेजस्वी हिन्दू राष्ट्र का पुनर्निर्माण हमारा लक्ष्य : सुलभा ताई देशपांडे

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, लखनऊ । राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका सुलभा ताई देशपांडे ने कहा कि तेजस्वी हिन्दू राष्ट्र का पुनर्निर्माण हमारा लक्ष्य है। इसकी पूर्ति के लिए राष्ट्र सेविका समिति कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जब-जब इस राष्ट्र के तेज का क्षरण हुआ तब-तब संत महापुरूषों ने इस धरा पर जन्म लेकर उसके उत्थान का कार्य किया। वह रविवार को निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज में राष्ट्र सेविका समिति के प्रवेश वर्ग के समापन समारोह को संबोधित कर रही थी।

सुल्लभा देशपांडे ने कहा कि राष्ट्र की तेजस्विता को ऊपर उठाने के लिए ऐसा जन चाहिए जो स्वयं तेजस्वी हो। हमारी संतानों को संस्कृति व संस्कारों के बारे में बताने की आवश्यकता है। सह कार्यवाहिका ने कहा कि मातृ शक्ति का जागरण करते हुए, उस शक्ति को संघटित करते हुए, उसे राष्ट्र निर्माण कार्य में लगाने का विलक्षण ध्येय की पूर्ति के लिए राष्ट्र सेविका समिति कार्य करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पद्मश्री विद्या बिन्दू सिंह ने कहा कि यहां पर सेविकाओं में जो राष्ट्रप्रेम का जज्बा दिखा वह मन को आनंदित करने वाला है। उन्होंने सेविकाओं से कहा कि हम अपनी शक्ति को पहचानें व अपने स्वभिमान की रक्षा के लिए अपने को समर्थ बनायें। विद्या बिन्दू सिंह ने कहा कि मन का सौन्दर्य शारीरिक सौन्दर्य से बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति वनवासियों के बीच भी काम करती है। उनसे हमें बहुत कुछ सीखने की जरूरत है।

वर्ग कार्यवाहिका सावित्री सिंह ने बताया कि इस वर्ग में विभिन्न जिलों से प्रशिक्षण लेने आई बहनों को प्रतिदिन डेढ़ घंटे की शाखा में जूड़ो कराटे,लाठी चलाने,गण समता,योगासन और व्यायाम योग का प्रशिक्षण दिया गया। वर्ग में सेविकाओं को शारीरिक व बौद्धिक प्रशिक्षण में अलग-अलग विषयों पर बौद्धिक,चर्चा,सुभाषित,अमृतवचन के साथा-साथ विभिन्न सामाजिक विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन के अवसर पर सेविकाओं ने विभिन्न प्रकार के खेल व अन्य शारीरिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया। 15 दिवसीए प्रवेश वर्ग की मुख्य शिक्षक दिव्या अग्रहरि रहीं। समापन समारोह में विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र,राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र प्रचारिका शशि,प्रान्त संघचालिका रत्नम चन्द्रा, प्रान्त कार्यवाहिका यशोधरा आर्या,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह ब्रजेश पाण्डेय,एमएलसी अवनीश सिंह,प्रशान्त भाटिया,भाग संघचालक सुभाष अग्रवाल और भाग कार्यवाह दुष्यन्त प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - गौतम बुद्ध नगर : नामी ब्रांड का नकली घी और मक्खन बेचने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

संबंधित समाचार