रायबरेली : संदिग्ध हालत में घर के अंदर मृत मिली विवाहिता, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
डलमऊ / रायबरेली, अमृत विचार। एक विवाहिता संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर चारपाई पर मृत पाई गई है। विवाहिता का शव मिलने के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के भाई ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका ने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे जनवारन मजरे कंधरपुर का है ।गांव के रहने वाले कमलेश मोरिया ने करीब चार साल पहले सरेनी थाना क्षेत्र के गांव गजियापुर निवासी राजरानी से प्रेम विवाह किया था। बताते हैं कि कमलेश पहले से शादीशुदा था। राजरानी से उसने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा है। शादी के कुछ साल बाद दोनों में अक्सर वाद विवाद होने लगा था। रविवार की शाम को भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। उसके बाद कमलेश अपने खेत में फसल की रखवाली करने चला गया ।सोमवार की सुबह जब वापस लौटा तो उसके घर का दरवाजा बंद था ।अंदर से कोई प्रतिक्रिया न होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो राजरानी चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। सूचना पाकर गांव पहुंचे मृतका के भाई सोहन लाल ने अपनी बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने संकलित किए हैं। कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने बताया कि विवाहिता की मौत हुई है। जिसमें उसके भाई ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ।घटना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - Breaking News : मुख्तार अंसारी को उम्रकैद, अवधेश राय हत्याकांड में सुनाई गई सजा
