Kanpur Dehat: रनियां की नुमाइश मार्केट में लगी आग से 15 दुकानें जलकर राख, दुकानदार बोले- लाखों रुपये का नुकसान
कानपुर देहात के रनियां की नुमाइश मार्केट में लगी आग से 15 दुकानें जलकर राख।
कानपुर देहात के रनियां की नुमाइश मार्केट में आग लगने से 15 दुकानें जलकर राख हो गई। दो दमकल गाडिय़ों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां कस्बा में टीनेशड डालकर बनी मार्केट में रविवार की रात शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिससे कास्मेटिक, ज्वैलरी, क्रॉकरी, फुटवियर समेत 14 दुकानें जलकर राख हो गई। सूचना पर पहंुची दमकल की तीन गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदारों ने आग से करीब 84 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात कही है।
रनियां कस्बा के सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग पर दिवंगत सेठ रामचरण परिसर में टीनेशेड डालकर मार्केट बनी है। जिसमे आर्टीफीशियल ज्वैलरी, क्रॉकरी, कास्मेटिक, किराना, फुटवियर आदि की 17 दुकानें है। रविवार की रात सारीक की रेडीमेड दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी। जिसने एक के बाद एक 14 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सामान धूं-धूंकर जलने लगा।
भीषण आग की जानकारी पर लोगों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने पुलिस व दमकल को सूचना देते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन विकराल आग के सामने सभी प्रयास बेकार साबित हुए। इसी दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह व अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह तीन दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल जवानों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों मंे रखा लाखों रुपये का सामान जलकर स्वाहा हो गया। अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। सीएफओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया दुकानों के पास बिजली पोल में लगी केबल से शार्ट सर्किट होने से आग लगना प्रतीत हो रहा है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
अग्निकांड के बीच फटे दो रसोई गैस सिलेंडर
रनियां की मार्केट में शार्ट सर्किट से रात के समय दुकानों में भीषण आग लगने से किसी को समझने का मौका तक नहीं मिला और दुकानदार बेबसी से देखते रहे। इसी बीच जल रही दुकानों में दुकान में रखा एक बड़ा व एक छोटा रसोई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिसकी आवाज से आसपास क्षेत्र में लोग दहशत में आ गया। गनीमत रही कोई इसकी चपेट में नहीं आया।
अग्निकांड में दुकानदारों का इतना हुआ नुकसान
रनियां की मार्केट में आग के बाद दुकानदारों ने फौरी तौर पर नुकसान की जानकारी पुलिस को दी। जिसके अनुसार कन्नौज के तिर्वा निवासी अशोक कुमार ने कास्मेटिक दुकान जलने से 70 हजार रुपये नुकसान की बात कही है। इसी तरह मध्य प्रदेश के गहोरा निवासी बृजेश कुमार की प्लास्टिक व स्टील में 10 लाख रुपये, रनियां के चिराना निवासी शिवा तिवारी की चूड़ी दुकान में 8 लाख रुपये, रायपुर के भिसार गांव निवासी राजेश कुमार की आर्टिफिशियल ज्वैलरी व कास्मेटिक दुकान मंे 7 लाख रूपये, जनपद औरैया के दौलतपुर निवासी शिशुपाल सिंह की कास्मेटिक व प्लास्टिक दुकान में 3 लाख रुपये, कानपुर नगर के सचेंड़ी निवासी श्रवन कुमार की क्रॉकरी, चूड़ी व फुटवियर दुकान में 15 लाख रुपये, रनियां निवासी चांदबाबू की रेडिमेड दुकान में 5 लाख रुपये, रनियां निवासी सारिक़ की रेडीमेड दुकान मंे 10 लाख रुपये, कानपुर नगर के सचेंड़ी निवासी रिंकू कुमार की दुकान में एक लाख रुपये, कानपुर नगर के पनकी गंगागंज निवासी राजू श्रीवास्तव की पूजापाठ व कास्मेटिक दुकान में दस लाख रुपये, जनपद जालौन के कालपी निवासी राजू कुमार की खिलौने व कास्मेटिक दुकान में 3 लाख रुपये, रनियां निवासी प्रेम गुप्ता के रेडीमेड शोरूम में 16 लाख रुपये, जालौन के नुनसाई निवासी मोनेश पाल की कास्मेटिक व जनरल स्टोर दुकान में 4 लाख रुपये, मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून निवासी राजू कुमार की प्लास्टिक दुकान में एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
