रामपुर के बाशिंदों के दिलों में ताजा हैं गूफी पेंटल की यादें

2022 में रठौंडा मेले के मंच पर महाभारत के मंचन में निभाया था शकुनी मामा का किरदार, पांच जून, 2023 को उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली, सिने प्रेमियों में शोक व्याप्त

रामपुर के बाशिंदों के दिलों में ताजा हैं गूफी पेंटल की यादें

तहसील मिलक के ग्राम रठौंडा में मंच पर शकुनि का किरदार निभाते गूफी पेंटल।

रामपुर, अमृत विचार। ऐतिहासिक धारावाहिक महाभारत के शकुनि मामा ने सोमवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। 78 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। 10 दिनों से वह जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे थे। उनके निधन से सिने प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। 

तहसील मिलक के ग्राम रठौंडा में महाशिव रात्रि पर लगने वाले मेले में मंच पर हर वर्ष कलाकार अपनी कला का जलवा बिखेरते हैं।  2022 में फिल्म कलाकार पुनीत इस्सर के निर्देशन में महाभारत के कलाकार ऐतिहासिक महाभारत धारावाहिक का मंचन करने रामपुर आए थे। उसमें मामा शकुनि का किरदार गूफी पेंटल ने निभाया था। करीब तीन दिन तक महाभारत के कलाकार रामपुर ठहरे थे और रामपुर के लोगों से काफी घुल मिल गए थे। उनके साथ गुजारे गए पल आज भी रामपुर वालों के दिलों में ताजा हैं।

इन कलाकारों ने मेले के मंच पर महाभारत धारावाहिक का सजीव चित्रण किया था। शिक्षक चिरंजीव गुड्डू बताते हैं गूफी पेंटल ने किसी को सेल्फी के लिए मना नहीं किया और लोगों से रामपुर के बारे में जाना। रामपुर की कला संस्कृति और नवाबों के बारे में जाना और ऐतिहासिक रजा लाइब्रेरी और उसमें संरक्षित पांडुलिपियों के बारे में जानकारी हासिल की। भारी भरकम मेकअप के कारण वह रजा लाइब्रेरी नहीं जा पाए। 

गूफी पेंटल को दो मिनट का मौन धारण कर दी गई श्रद्धांजलि
 बीआर चोपड़ा के मशहूर ऐतिहासिक धारावाहिक महाभारत को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। महाभारत शुरू होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था।  इस शो के हर किरदार ने दर्शकों के दिल में अपनी बेहद अहम जगह बनाई थी।  आज भी जब भी शकुनि मामा के अभिनय की बात की जाती है, उसमें गूफी पेंटल का नाम जरूर लिया जाता है। अभिनेता गूफी पेंटल अस्पताल में भर्ती थे।

पांच जून को उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके निधन से सिने प्रेमियों में शोक व्याप्त है। नई आवास विकास स्थित चिरंजीव गुड्डू के आवास पर हुई शोक सभा में दो मिनट का मौन धारण कर गूफी पेंटल को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर संगीता भाटिया, संदीप भाटिया, डा. आरपी सिंह, डा. राजीव कुमार, मलखान सिंह, मनोज मौर्य, केशव कुमार, प्रेमवती आदि शामिल रहे। 

ये भी पढ़ें :- रामपुर: रोडवेज बस ने बाइक सवार को रौंदा, गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़