रायबरेली : फसल की सिंचाई में बाधक बने गंगा एक्सप्रेस-वे के ठेकेदार, मिट्टी डालकर बन्द किया कुलाबा
जगतपुर/ रायबरेली , अमृत विचार। गंग नहर में हेड से टेल तक पानी पहुंचाने का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है। आठ माह पहले रोझइया गांव के पास किसानों की फसलों को सिंचाई के लिए नहर से लगाए गए कुलाबा संख्या 232 को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। पानी न मिलने से किसानों की गेहूं की फसल बर्बाद हो गई।
गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। रोझइया व रामगढ़ टिकरिया गांव के बीच से एक्सप्रेसवे निकाली गई है। दोनों गांव के मध्य गंग नहर बनी हुई है। किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए विभाग द्वारा कुलाबे लगाये गए हैं।
रोझइया गांव के पास लगाये गए कुलाबा संख्या 232 से पूरे सेमानसिंह, पूरे मतीसिंह, भीखम शाह, पूरे बाग गांव के सैकड़ों किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। गंगा एक्सप्रेसवे के ठेकेदारों द्वारा नवंबर माह में नहर के पास ही मिट्टी डालकर कुलाबे को बंद कर दिया गया। जिससे किसानों की गेहूं की फसल सूखने लगी थी। तालाबों से पंपसेट के सहारे किसानों को फसल की सिंचाई करना पड़ा। धान की नर्सरी तथा खेतों के पलेवा करने का समय चल रहा है।
अब किसानों को फसल तैयार करने की चिंता सताने लगी है। पानी के अभाव में सैकड़ों बीघे भूमि बंजर पड़े रहने की संभावना बढ़ गई है। किसान रामशंकर, अंबिका प्रसाद, राजकिशोर ,लक्ष्मी शंकर, अरुण कुमार, दिलीप ,संतोष कुमार ,हरि शंकर आदि का कहना है। कि गेहूं की फसल तालाबों तथा पंपसेट के सहारे हो गई है। कुलाबा बंद होने से खेती पड़ी रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं। धान की नर्सरी का समय चल रहा है लेकिन कुलाबा बंद होने से नर्सरी डालना भी असंभव दिख रहा है लेकिन विभागीय अधिकारी जानकर अनजान बने हुए हैं। जिससे किसान भुखमरी के कगार पर है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को तीन माह पहले कुलाबा खुलवाने की मांग की गई थी। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। सिंचाई विभाग तथा गंगा एक्सप्रेसवे के अधिकारियों के मनमानी के चलते कुलाबा बंद पड़ा है। किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शिव शंकर ने बताया है कि मामले की जानकारी मिली है।गंगा एक्सप्रेसवे के ठेकेदारों द्वारा बगैर अनुमति आबपासी व कुलाबा बंद किये जाने को लेकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एक सप्ताह के अंदर पाइप डलवा कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें -Dog Attack in Bahraich : सुरक्षा गार्ड को पालतू कुत्ते ने नोचा
