Kanpur Accident : विदा कराकर लौट रहे पति की सड़क हादसे में मौत, नवविवाहित भी घायल, परिजन रो-रोकर बेहाल
कानपुर में सड़क हादसे में पति की मौत।
कानपुर के चौबेपुर थानाक्षेत्र में विदा कराकर लौट रहे पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में नवविवाहिता भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। चौथी की विदा कराकर लौट रहे नव दंपत्ति की कार मंगलवार देर रात क्षेत्र के बेला मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। दुर्घटना में नवविवाहित युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल नवविवाहिता को उपचार के लिए गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल बना है।
मालूम हो कि हंसपुरम कॉलोनी,आवास विकास,थाना नौबस्ता ,कानपुर निवासी नरेश पांडे का छोटा बेटा सत्येंद्र (32) पी आर डी में जवान था और मौजूदा समय में वह नौबस्ता थाने में तैनात था। सत्येंद्र की शादी गत माह 6 मई 2023 को बिधूना निवासी नरेश पांडे की बेटी संगीता से हुई थी। बताया गया है कि शादी के पश्चात ससुराल से मायके गई पत्नी संगीता को चौथी की विदा कराने के लिए मंगलवार को सत्येंद्र बिधूना गया था।
जहां से देर रात कार से वापसी के दौरान करीब 9:00 बजे क्षेत्र के बेला मार्ग पर बिरोहा गांव के सामने अचानक विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी संगीता का एक पैर फ्रैक्चर होने के साथ सिर में गंभीर चोटें आईं। राह गुजरते लोगों द्वारा दी गई।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संगीता को उपचार के लिए सी एच सी भेजा, जहां हालत चिंताजनक देख उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं परिजनों के मौके पर पहुंचने के पश्चात शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी जगदीश प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में ले कार्रवाई की जा रही है।
