मुरादाबाद : आय और निर्माण कार्यों में एमडीए अव्वल, शासन से उपाध्यक्ष को मिला प्रशस्ति पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वित्तीय वर्ष 2022-23 में आय के 151.68 करोड़ रुपये के लक्ष्य के अनुपात में हासिल किया 159.45 करोड़

53.71 करोड़ रुपये के विकास कार्य के लक्ष्य में 80 प्रतिशत हासिल की सफलता, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने उपलब्धि का श्रेय बेहतर टीम वर्क और मंडलायुक्त की प्रेरणा और मार्गदर्शन को दिया

मुरादाबाद, अमृत विचार। वित्तीय वर्ष 2022-23 में लक्ष्य से अधिक आय और निर्माण कार्यों की प्रगति में 80 फीसदी लक्ष्य हासिल करने पर शासन ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को अव्वल माना है। इसके लिए एमडीए के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण और सचिव रणवीर प्रसाद के द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया गया है। साथ ही उनकी पूरी टीम को भी शासन ने सराहा है। इस उपलब्धि से प्राधिकरण के अधिकारी, अभियंता और कर्मचारियों में खुशी है। 

प्राधिकरण को आय के लिए 151.68 करोड़ का लक्ष्य मिला था। इसके अनुपात में लक्ष्य से अधिक 105 प्रतिशत आय प्राधिकरण ने हासिल की। कुल 159.45 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं निर्माण विकास कार्यों पर 53.71 करोड़ के अनुपात में 41.87 करोड़ (लगभग 80%) सफलता हासिल कर एमडीएम प्रदेश के प्राधिकरणों में अग्रणी जगह पाई है। उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने इस सफलता और उपलब्धि का श्रेय बेहतर टीम वर्क और आपसी तालमेल को दिया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का सबसे अधिक श्रेय मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह जो प्राधिकरण के अध्यक्ष भी हैं के सतत और सटीक मार्गदर्शन और प्रेरणा का परिणाम है। 


एकता विहार, ट्रांसपोर्टनगर, सोनकपुर में आवासीय योजनाएं और टाउनशिप की लांचिंग जल्द
उपाध्यक्ष ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से शीघ्र ही एकता विहार, ट्रांसपोर्टनगर, नया मुरादाबाद में नई आवासीय-व्यावसायिक योजनाओं और सोनकपुर में वृहद टाउनशिप लांचिंग की तैयारी में है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में कई बड़ी परियोजनाएं अंबेडकर पार्क का चार करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण, मुरादाबाद का भव्य प्रवेश द्वार और सड़कों का सौंदर्यीकरण, मोढा तैया को पिकनिक स्पॉट के रुप में विकसित करने के साथ ही हर्बल पार्क को अपग्रेड और कांठ रोड से दिल्ली रोड 24 मीटर कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। 

प्राधिकरण की ‘सिंगल विंडो’भी सफल, नक्शे स्वीकृत कराना आसान
25 फरवरी को मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार की प्रेरणा से उपाध्यक्ष ने मानचित्रों के निस्तारण में आ रही एनओसी की समस्या का समाधान करने के लिए प्राधिकरण कार्यालय में ‘सिंगल विंडो’स्थापित कराया। एनओसी के लिए राजेंद्र सिंह ट्रेसर को नोडल अधिकारी नामित किया गया। तीन महीने में लंबित एनओसी की संख्या 288 से घटकर 99 पर आ गया। नक़्शे स्वीकृत कराने के लिए आवेदकों को नगर निगम, राजस्व, पीडब्ल्यूडी, अग्निशमन, प्रदूषण नियंत्रण, अर्जन/सीलिंग, सिंचाई आदि विभागों की एनओसी की जरूरत पड़ती है। इन विभागों से समन्वय एवं समीक्षा के अभाव में आवेदकों को कई कई महीने इंतजार करना पड़ता था। उपाध्यक्ष ने उपाध्यक्ष ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठक कर इसे सरल बनाया। इसके लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रतिदिन की लंबित एनओसी का विवरण ग्रुप में मंगाना शुरु किया। 

बीते वित्तीय वर्ष में परिसंपत्तियों की बिक्री, लंबित मानचित्रों के समयबद्ध निस्तारण, प्रभावी प्रवर्तन के आधार पर आय बढ़ाने में सफलता मिली। सोनकपुर पुल से 24 मीटर रोड, मार्ग प्रकाश, नया मुरादाबाद के विकास कार्य, हाई स्ट्रीट रोड, ड्राइव इन 24 मार्ग, जल निकासी के नालों के विकास सहित अवस्थापना विकास के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। भविष्य में और भी बेहतर करने का प्रयास रहेगा। इसमें मीडिया के प्रतिनिधियों का भी सहयोग महत्वपूर्ण है। -शैलेष कुमार, उपाध्यक्ष मुरादाबाद विकास प्राधिकरण

ये भी पढ़ें :  प्रधानाचार्य व समाजसेवी हिमांशु को 'मुरादाबाद गौरव सम्मान' से किया गया सम्मानित 

संबंधित समाचार