Jalaun News : शोहदे ने फोन पर धमकी देकर किया तंग, तो किशोरी ने जलकर दी जान, जानें- मामला
जालौन में किशोरी ने जलकर दी जान।
जालौन में शोहदे ने फोन पर धमकी देकर तंग किया। इस पर किशोरी ने जलकर जान दे दी।
जालौन, अमृत विचार। शोहदे द्वारा बार बार फोन करने व धमकाने से परेशान किशोरी ने दो दिन पूर्व आत्म हत्या करने के लिए कैरोसीन डाल कर आग लगा थी। आग से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले गए, जहां से उसे झांसी और फिर ग्वालियर ले गए। यहां पर उपचार के दौरान मंगलवार की देर रात में उसकी मृत्यु हो गई। किशोरी के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरगांव निवासी रामपाल की 15 वर्षीय पुत्री आकांक्षा को गांव में ही एक व्यक्ति का रिश्तेदार युवक निक्की साहू फोन पर बात करके उसे परेशान करता था। बार बार फोन करने से आकांक्षा तंग आ गई थी। आकांक्षा के बाबा फूल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी प्रपोत्री को युवक फोन करके धमकाता था। बीते सोमवार को उनकी पुत्रवधू माधौगढ़ में रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में गई थी।
घर पर वह, बेटा रामपाल व आकांक्षा थे। रात्रि करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए। रात करीब 11 बजे आकांक्षा के मोबाइल पर निक्की साहू का फोन आया। फोन पर बात करने के बाद आकांक्षा ने कैरोसीन डालकर आग लगा ली। आग से झुलसने पर आकांक्षा ने चिल्लाना शुरू किया तब उनकी नींद खुली। आनन फानन में आग बुझाई और तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज उरई ले गई। हालत गंभीर होने पर उसे झांसी फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जहां मंगलवार की रात आकांक्षा की मृत्यु हो गई।
बुधवार को ग्वालियर में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बेटी की मौत की खबर घर पर आते ही मां विनीता, दादी व भाई बहिनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी के दादा फूल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी निक्की साहू के खिलाफ किशोरी को प्रताड़ित करने व प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी द्वारा आग लगाकर आत्महत्या करने की रिपार्ट दर्ज कर ली है। उक्त संदर्भ में कोतवाल समीर सिंह ने बताया किशोरी के बाबा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
