यूपी में नीट और जेईई मेंस की परीक्षा को लेकर होंगी बड़ी तैयारियां
रविशंकर गुप्ता, लखनऊ। यूपी में चौतरफा विरोध के बीच नीट यूजी और जेईई मेंस के एग्जाम के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां होंगी। परीक्षा के दौरान कोविड- 19 की गाइडलाइन का पालन करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एंजेसी (एनटीए) की ओर से तैयारियां की गयी हैं। परीक्षार्थियों को केन्द्रों पर मास्क दिया जायेगा और सैनिटाइजेशन …
रविशंकर गुप्ता, लखनऊ। यूपी में चौतरफा विरोध के बीच नीट यूजी और जेईई मेंस के एग्जाम के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां होंगी। परीक्षा के दौरान कोविड- 19 की गाइडलाइन का पालन करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एंजेसी (एनटीए) की ओर से तैयारियां की गयी हैं। परीक्षार्थियों को केन्द्रों पर मास्क दिया जायेगा और सैनिटाइजेशन के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था की गयी है।
एनटीए की ओर से जारी प्रेस रिलीज में इस बात की भी जानकारी दी गयी है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थी 6 फीट की दूरी पर बैठें यह जिम्मेदारी केन्द्र व्यवस्थापकों की होगी। परीक्षा के दौरान केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है।
यूपी में इस परीक्षा को लेकर योगी सरकार के सामने भी चुनौती कम नहीं होगी। परीक्षा न कराये जाने के लिए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने जिस तरह से विरोध किया है उसके बाद भी परीक्षा होना लगभग तय है। ऐसे में परीक्षा के दौरान कोई भी गड़बड़ी न होने पाये इसके लिए मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ का बयान आते ही यूपी में दोनों ही परीक्षाओं को लेकर अधिकारी सक्रिय हैं।
सभी परीक्षार्थियों को मास्क देने की तैयारी
नीट व जेईई मेंस की परीक्षा के दौरान सभी परीक्षार्थियों को मास्क देने की तैयारी नेशनल टेस्टिंग एंजेसी ने की है। इसके अलावा सभी केन्द्रों पर सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गयी है। एनटीए की ओर से वेबसाइट पर दी गयी जानकारी के मुताबिक 10 लाख से अधिक मास्क और 6 हजार लीटर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गयी है। जेईई मेंस के दौरान यूपी में 1 लाख 706 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं नीट में यूपी से 1 लाख 66 हजार 582 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
साल्वर गैंग पर निगरानी के लिए कड़े इंतजाम
नीट और जेईई मेंस दोनो ही परीक्षाओं के दौरान साल्वरों का गैंग सेंध न लगाने पाये इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे, परीक्षा केन्द्रों पर एडमिट कार्ड को गहनता से चेक किया जायेगा। इसके साथ केन्द्रों के बाहर एसटीएफ की भी नजर रहेगी।
एक से 6 सितंबर को जेईई मेंस
एक से 6 सितंबर को जेईई मेंस की परीक्षा आयोजित की जायेगी। दो शिफ्टों में आयोजित होने वाली परीक्षा में एक घंटे पहले पहुंचना होगा। प्रथम पाली में 9:30 सुबह से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जायेगी। जेईई मेंस के लिए यूपी में 66 केन्द्र बनाये गये हैं।
13 सिंतबर को नीट यूजी
वहीं 13 सितंबर को नीट यूजी की परीक्षा आयोजित की जायेगी। नीट के लिए यूपी में 320 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इन परीक्षा केन्द्रों पर नोडल प्रभारियो के साथ-साथ सचल दलों की तैनाती की गयी है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले केन्द्र पर पहुंचना होगा।
