लखनऊ : 2 विधायकों के मर्डर के आरोपी की कोर्ट परिसर में हत्या पर जानें क्या बोले अधिकारी
अमृत विचार, लखनऊ । उत्तर प्रदेश के 2 विधायकों के हत्या के आरोपी रहे गैंगस्टर संजीव महेश्वरी जीवा की बुधवार को राजधानी स्थित कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, हत्या करने वाले आरोपित युवक विजय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले पर स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया है कि संजीव महेश्वरी जीवा को 3:55 के करीब कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था। वैसे ही वकील के वेश में एक युवक ने उस पर फायरिंग की। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान संजीव जीवा घायल हुआ, 2 पुलिस कांस्टेबल, एक महिला और उसके साथ आई उसकी 1.5 वर्षीय बच्ची घायल हो गई। संजीव जीवा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस कांस्टेबल, महिला और उसकी बच्ची सब की हालत स्थिर हैं। फायरिंग करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार पहुंचे। उन्होंने बच्ची की हालत जानी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि संजीव उर्फ जीवा को गोली मारी गई है और उसको मृत घोषित किया गया है। घटना में एक बच्ची को भी चोट आई है। बच्ची की स्थिति स्थिर है और उसका उपचार KGMU में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उसकी स्थिति गंभीर है। घटना के दौरान कितने लोग थे उसकी जांच चल रही है और उनके ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें - संत कबीर नगर : गुटबाजी और टिकट वितरण में गड़बड़ी के चलते खलीलाबाद और मेंहदावल क्षेत्र में निकाय की सभी सीटें हार गई भाजपा
