बरेली: 38 दिन में 50 वाहन चोरी, बरामद हुए सिर्फ चार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

 पुलिस की कार्रवाई से बेखौफ वाहन चोरों का बढ़ा आतंक, शहर में आए दिन चोर उठा रहे बाइक, कार और ई-रिक्शा

बरेली, अमृत विचार : आप अपने वाहन की सुरक्षा स्वयं करें। क्योंकि शहर में वाहन चोरों का आतंक बढ़ गया है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों से 38 दिन में 50 से अधिक वाहन चोरी हो चुके हैं। जबकि पुलिस अब तक गिनती की ही बाइक बरामद कर सकी है। वाहन चोर मॉल, गार्डन, होटल, नुमाइश आदि स्थानों से वाहनों को चोरी करके फरार हो जाते हैं।

कई लोगों के घरों के सामने से चोरों ने वाहनों पर हाथ साफ कर दिया। कुछ दिन पहले कैंट, किला क्षेत्र, बारादरी, कोतवाली, बिथरी चैनपुर, प्रेमनगर और इज्जतनगर क्षेत्र में भी चोरों ने दो पहिया, कार, और ई-रिक्शा चोरी किए हैं। बरामदगी के नाम पर पुलिस अब तक पांच वाहन ही बरामद कर सकी है। पिछले 38 दिनों में करीब 50 वाहन चोरी हो चुकी है। इस तरह देखा जाए तो प्रतिदिन औसतन एक से अधिक वाहनों की चोरी हो रही है।

चोरी में प्रयुक्त करते हैं वाहन: पिछले दिनों इज्जतनगर पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से दो बाइक बरामद हुईं थीं। कुछ लोगों का कहना है कि शहर का एक कबाड़ी भी चोरी के वाहन खरीदकर काटता है। वह वाहनों को शहर से बाहर काटने का काम करता है। कबाड़ी पर पुलिस अब तक हाथ नहीं डाल सकी हैं। क्योंकि वह इतना शातिर है कि कोई सबूत ही नहीं छोड़ता है।

बरात घर से चोरी हुई बाइक: सुभाषनगर क्षेत्र के गणेशनगर निवासी अनुराग ने बताया कि वह बदायूं रोड स्थित एक शादी समारोह में 5 जून को गए थे। बरात घर से बाहर बाइक खड़ी कर दी थी और वह अंदर चले गए। वापस आने पर देखा तो बाइक नहीं थी। उन्होंने थाना सुभाषनगर में शिकायती पत्र देकर मंगलवार रात को रिपोर्ट दर्ज कराई है।

वाहन चोरी रोकने के लिए जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रयासरत है। - आशीष प्रताप सिंह, सीओ तृतीय।

संबंधित समाचार